कानपुर में सौर ऊर्जा का बड़ा उछाल, 100 मेगावॉट पार : जिलाधिकारी
कानपुर, 17 अप्रैल (हि.स.)। जनपद में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए प्रभावी तरीके से काम किया जा रहा है और इसका परिणाम अब साफ दिखाई देने लगा है। पीएम सूर्य घर योजना के तहत कानपुर में 100 मेगावॉट से अधिक सौर क्षमता स्थापित हो चुकी है, जो स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में बड़ा कदम है। अधिक से अधिक घरों तक इस योजना का लाभ पहुंचाने के लिए प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाया जा रहा है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि योजना की गति और तेज हो सके। यह बातें शुक्रवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कही।
पीएम सूर्य घर योजना के तहत कानपुर नगर में सौर ऊर्जा का दायरा तेजी से बढ़ा है। घरों की छतों पर लगाए गए सोलर रूफटॉप के जरिए बिजली उत्पादन का आंकड़ा 100 मेगावॉट पार कर गया है। 14 अप्रैल तक 29,304 इंस्टॉलेशन के माध्यम से 103 मेगावॉट उत्पादन क्षमता दर्ज की गई है, जो जनपद में स्वच्छ ऊर्जा के बढ़ते उपयोग को दर्शाता है।
सोलर रूफटॉप के जरिए बिजली उत्पादन में कानपुर नगर अब प्रदेश में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है, जबकि लखनऊ पहले और वाराणसी तीसरे स्थान पर है। यह उपलब्धि शहर में सौर ऊर्जा के प्रति बढ़ती जागरूकता और भागीदारी को दर्शाती है।
सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और विस्तार पर जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अधिक से अधिक पात्र परिवारों तक योजना का लाभ पहुंचाया जाए और प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी व समयबद्ध बनाया जाए।
जनपद में सोलर रूफटॉप इंस्टॉलेशन की रफ्तार लगातार तेज बनी हुई है। वर्तमान में प्रतिदिन औसतन 108 नए इंस्टॉलेशन हो रहे हैं। फरवरी माह में 2,573, मार्च में 3,215 और अप्रैल में 14 तारीख तक 1,515 घरों में सोलर पैनल लगाए जा चुके हैं।
कानपुर नगर को सिटी एक्सीलरेशन प्रोग्राम में शामिल किया गया है, जिसके तहत देश के 40 शहरों को सोलर सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश से अयोध्या, वाराणसी, लखनऊ, कानपुर नगर और प्रयागराज इस सूची में शामिल हैं।
20 से 26 अप्रैल तक ‘सूर्य रथ’ के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जिसके जरिए लोगों को योजना के लाभों की जानकारी देकर उन्हें सोलर कनेक्शन लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन, परियोजना अधिकारी नेडा राजेश पांडेय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, वेंडर और बैंक प्रतिनिधि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप