न्यू कानपुर सिटी परियोजना के लिए 21 काश्तकारों से 1.9 हेक्टेयर भूमि खरीदी, 7.51 करोड़ रुपये वितरित

 


कानपुर, 02 जून (हि.स.)। कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने न्यू कानपुर सिटी परियोजना के लिए मंगलवार को 21 काश्तकारों से लगभग 1.9 हेक्टेयर भूमि क्रय कर उनके बीच सात करोड़ इक्यावन लाख सतहत्तर हजार तीन सौ रुपये की धनराशि डिमांड ड्राफ्ट के माध्यम से वितरित की। यह कार्रवाई उपाध्यक्ष अंकुर कौशिक और सचिव अभय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में भूमि बैंक अनुभाग तथा नोडल अधिकारी न्यू कानपुर सिटी परियोजना एवं उप जिलाधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह की देखरेख में संपन्न हुई।

भूमि बेचने वाले काश्तकारों में आशीष कटियार, अरुणिमा कटियार, मुन्नी कुरील, आनन्द प्रताप सिंह, मीना शर्मा, तनिष शर्मा, कीर्ति शर्मा, निखिल शर्मा, रूबी सिंह, विवेक रस्तोगी, रवी कुमार, संजय गुप्ता, राजा शुक्ला, सौरभ शुक्ला, अनुज कुमार, सविता शुक्ला और शिशिर कटियार सहित कुल 21 काश्तकार शामिल रहे। भूमि का मूल्य सर्किल दर के चार गुना के आधार पर निर्धारित किया गया।

डिमांड ड्राफ्ट प्राप्त करने के बाद काश्तकारों ने प्रक्रिया को सरलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए प्राधिकरण के अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान प्राधिकरण अधिवक्ता धीरज सैनी, अखिल, लिपिक चन्द्र पाल सिंह, अमीन प्रदीप कुमार और तहसीलदार रामनाथ भी मौजूद रहे।

केडीए ने बताया कि अगले तीन दिनों में 19 अन्य काश्तकारों से लगभग 1.7 हेक्टेयर भूमि क्रय की जाएगी। इसके लिए चार करोड़ इकत्तीस लाख रुपये के डिमांड ड्राफ्ट एवं चेक तैयार किए जा चुके हैं और बैनामों के लिए ऑनलाइन टोकन की प्रक्रिया चल रही है। डॉ. रवि प्रताप सिंह ने बताया कि अब तक आपसी सहमति के आधार पर खरीदी गई भूमि के एवज में लगभग 392 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। साथ ही 55.0709 हेक्टेयर भूमि के अर्जन की कार्रवाई भी समानांतर रूप से जारी है और संबंधित प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप