कन्नौज में आलू की बदहाली और बिजली कटौती बड़ा मुद्दा: राजपाल कश्यप

 


कन्नौज , 01 सितंबर (हि. स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के पूर्व मंत्री एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता और प्रदेश अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ राजपाल कश्यप ने कन्नौज की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में तीन दिनों तक आयोजित पीडीए जन पंचायतों के बाद मंगलवार को जिला सपा कार्यालय में प्रेस वार्ता की। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनपद में किसानों, युवाओं और व्यापारियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे हैं, जिन पर सरकार गंभीरता से काम नहीं कर रही है।

राजपाल कश्यप ने कहा कि कन्नौज की सबसे बड़ी समस्या आलू की बदहाली है। जनपद में करीब चार लाख से अधिक किसान आलू की खेती से जुड़े हैं, लेकिन पिछले दो वर्षों से किसानों को आलू का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आलू की मांग और कीमत दोनों कम होने से किसान परेशान हैं। उन्होंने कहा कि सरकार में कन्नौज के मंत्री द्वारा आलू की सरकारी खरीद का आश्वासन दिया गया था, लेकिन इसका भी किसानों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा है।

उन्होंने कन्नौज में बिजली कटौती और लो-वोल्टेज को भी बड़ी समस्या बताते हुए कहा कि इस वर्ष बारिश कम होने के कारण किसानों को फसलों की सिंचाई में परेशानी हो रही है। ऊर्जा मंत्री का क्षेत्र होने के बावजूद बिजली को लेकर लोगों में हाहाकार है। सपा नेता ने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं को रोजगार और नौकरियां देने के दावे करती है, लेकिन धरातल पर रोजगार के पर्याप्त अवसर दिखाई नहीं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवा अब 2027 के विधानसभा चुनाव का इंतजार कर रहे हैं और प्रदेश में बदलाव का मन बना चुके हैं।-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव झा