कन्नौज : दुष्कर्म मामले में पूर्व सपा नेता नवाब सिंह और नीलू को आठ-आठ साल की सजा
कन्नौज, 29 मई (हि.स.)। स्थानीय काेर्ट ने शुक्रवार काे एक नाबालिग से दुष्कर्म मामले में पूर्व सपा नेता नवाब सिंह यादव और उसके भाई नीलू को आठ-आठ साल की सजा सुनाई है। इसी मामले में काेर्ट ने सहआरोपित पूजा तोमर को भी छह साल की सजा सुनाई है। इसके अलावा कोर्ट ने नवाब और नीलू पर 10-10 लाख रुपये और पूजा तोमर पर पांच लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है।
मामला 11-12 अगस्त 2024 की रात का है। घटना कन्नौज के चौधरी चंदन सिंह डिग्री कॉलेज की है। यह कॉलेज पूर्व ब्लॉक प्रमुख और सपा नेता नवाब सिंह यादव का है। एक 15 साल की नाबालिग लड़की नौकरी मांगने वहां पहुंची थी। उसके साथ पूजा तोमर भी मौजूद थी। इसी दौरान पूजा टॉयलेट चली गई। नवाब सिंह ने मौके का फायदा उठाकर उससे जबरदस्ती की। इस मामले में नाबालिग ने ही मामले में एफआईआर दर्ज कराई थी। इसके बाद 12 अगस्त 2024 को पुलिस ने नवाब सिंह यादव को गिरफ्तार किया था। पीड़ित को लेकर पूजा तोमर नामक लड़की नवाब सिंह के पास लेकर पहुंची थी, जिस पर पुलिस ने उसे भी सहआरोपी बनाया था। जांच के दाैरान सामने आया था कि नवाब सिंह के भाई नीलू ने साक्ष्य मिटाने और जांच को प्रभावित करने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने नीलू को भी गिरफ्तार किया। बाद में पुलिस ने तीनों आरोपिताें के खिलाफ 27 सितंबर, 2024 को गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की थी। 13 अगस्त 2024 की शाम को कोर्ट में पीड़िता के बयान दर्ज हुए। पुलिस ने एफआईआर में रेप की धाराओं को बढ़ाया। पुलिस ने जांच के बाद काेर्ट में तीनाें के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की। इस मामले में शुक्रवार काे नवाब सिंह और उसके भाई नीलूकाे आठ-आठ साल की सजा सुनाई। काेर्ट ने सहआरोपित पूजा तोमर को भी छह साल की सजा सुनाई है। इसके अलावा कोर्ट ने नवाब और नीलू पर 10-10 लाख रुपये और पूजा तोमर पर पांच लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है।
ब्लॉक प्रमुख रह चुके हैं नवाब सिंह और नीलू यादव
नवाब सिंह यादव कन्नौज के पीएसएम पीजी कॉलेज का छात्र संघ अध्यक्ष रह चुका है। अखिलेश यादव के कन्नौज से सांसद बनने के बाद नवाब सिंह ने सपा ज्वाइन कर ली थी। नवाब सिंह समाजवादी लोहिया वाहिनी का जिलाध्यक्ष और कन्नौज का ब्लॉक प्रमुख भी रह चुका है। नवाब का परिवार सदर कोतवाली के अड़ंगापुर गांव में रहता है। उसकी एक बेटी और एक बेटा है। बेटी मेडिकल की पढ़ाई कर रही है। बेटा इंटर में है। उनका एक भाई वीरपाल यादव उर्फ नीलू भी राजनीति में एक्टिव है। वह भी सपा से सदर ब्लॉक का प्रमुख रह चुका है। नवाब कुल छह भाई हैं। तीन सरकारी सेवा में हैं। एक भाई रिटायर हो चुका है।
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव झा