विपक्ष की मानसिकता हमेशा महिला सशक्तिकरण के विरुद्ध रही : रजनी तिवारी

 


कन्नौज, 24 अप्रैल (हि. स.)। उत्तर प्रदेश की राज्यमंत्री उच्च शिक्षा एवं जनपद की प्रभारी मंत्री रजनी तिवारी ने शुक्रवार काे कन्नौज भ्रमण के दौरान एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया और महिलाओं के साथ सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आकांक्षाओं को सुना।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रभारी मंत्री ने 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' (महिला आरक्षण बिल) के क्रियान्वयन में रोड़ा अटकाने और इसका विरोध करने के लिए विपक्षी दलों की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि विपक्ष की मानसिकता हमेशा महिला सशक्तिकरण के विरुद्ध रही है।

कार्यक्रम के उपरांत, मंत्री के नेतृत्व में महिलाओं ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध करने वाले विपक्षी गठबंधन का पुतला फूँका। उन्होंने संदेश दिया कि देश की आधी आबादी के हक को रोकने वालों को जनता कभी माफ नहीं करेगी।

मंत्री रजनी तिवारी ने स्थानीय महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों के साथ संवाद किया। उन्होंने केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाओं—जैसे उज्ज्वला, मिशन शक्ति और कन्या सुमंगला योजना के लाभों पर चर्चा की।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' महिलाओं के राजनीतिक उत्थान के लिए एक ऐतिहासिक कदम है। जो दल इसका विरोध कर रहे हैं, वे असल में महिलाओं की प्रगति के विरोधी हैं। आज की महिला जागरूक है और वह अपना सम्मान और अधिकार छीनना जानती है।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया, विधायक छिबरामऊ अर्चना पांडे, विधायक तिर्वा कैलाश राजपूत, क्षेत्रीय महामंत्री पूनम द्विवेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रिया शाक्य, शिल्पी भारती, रजनी पाल, रेखा दोहरे, सुनीता राजपूत, कपूरी बाथम, सुमन सिंह, अरुणा कुमारी शाक्य, बबीता पाठक एवं जिला महामंत्री शैलेंद्र द्विवेदी, रामसेवक कठेरिया, राजीव ठाकुर, जिला मीडिया प्रभारी अभिषेक पाण्डेय समेत पदाधिकारी और भारी संख्या में क्षेत्रीय महिलाएँ उपस्थित रहीं।

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव झा