कन्नौज: अखिलेश यादव के पुतला दहन पर सपा कार्यकर्ताओं ने जताई नाराजगी

 


कन्नौज में सियासी घमासानः सपा ने भाजपा नेताओं पर माहौल बिगाड़ने का आरोप लगाकर सौंपा ज्ञापन

कन्नौज , 25 अप्रैल (हि. स.)। जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से शनिवार को समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष मो. कलीम खान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी न्यायिक तिर्वा/ बंदोबस्त अधिकारी चकबन्दी रेशमा सहाय को सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं द्वारा जानबूझकर क्षेत्र का माहौल खराब करने का प्रयास किया जा रहा है।

अखिलेश यादव के पुतला दहन पर नाराजगी

सपा नेताओं ने ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया कि पिछले कुछ दिनों से भाजपा के वरिष्ठ नेता जिले में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कन्नौज सांसद अखिलेश यादव का पुतला जलाकर क्षेत्र का माहौल बिगाड़ रहे हैं। सपाइयों का कहना है कि यह कृत्य न केवल राजनीतिक मर्यादाओं के विरुद्ध है, बल्कि इससे जिले की शांति व्यवस्था के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा है।

भाजपा के दिग्गज नेताओं पर लगाए आरोप

ज्ञापन में स्पष्ट रूप से भाजपा के जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया, छिबरामऊ विधायक अर्चना पांडेय, विधायक कैलाश राजपूत और जिले की प्रभारी मंत्री रजनी तिवारी सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं की संलिप्तता का उल्लेख किया गया है। सपा का आरोप है कि सत्ता पक्ष जनहित के मुद्दों पर विफल रहने के बाद अब इस प्रकार की उत्तेजक गतिविधियों के माध्यम से सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का कार्य कर रहा है।

कार्रवाई न होने पर लोकतांत्रिक आंदोलन की चेतावनी

सपा कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी से मांग की है कि उपरोक्त व्यक्तियों के विरुद्ध शांति भंग करने और सामाजिक वैमनस्य फैलाने के आरोपों में उचित विधिक धाराओं के अंतर्गत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि प्रशासन ने जल्द संज्ञान नहीं लिया, तो समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

सपा महिला मोर्चा ने अर्चना पांडेय के लिए किया था श्राद्ध

गौरतलब है कि भाजपा नेत्री अर्चना पांडेय द्वारा अखिलेश यादव का पुतला फूंके जाने के बाद, विरोध में सपा महिला मोर्चा ने पार्टी कार्यालय पर नेत्री शशिमा सिंह दोहरे के नेतृत्व में महिलाओं ने अर्चना पांडेय की सद्बुद्धि के लिए बाकायदा श्राद्ध और हवन किया। शशिमा सिंह ने महिला आरक्षण बिल को छलावा बताते हुए भाजपा पर नकारात्मक राजनीति का आरोप लगाया था। इस दौरान सोनम यादव, संगीता पांडेय सहित दर्जनों महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं। सपा नेत्रियों के इस कृत्य का भाजपा खेमे ने विरोध किया था। इस घटना के बाद से कन्नौज के सियासी पारे में गर्माहट आ गई थी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान उपस्थित प्रमुख नेता एवं पदाधिकारी

पूर्व विधायक कल्याण सिंह दोहरे, यश दोहरे, सपा प्रदेश उपाध्यक्ष हसीब हसन, प्रदेश सचिव आकाश शाक्य, अ.सु.ज.जा. प्रदेश महासचिव शशिमा सिंह दोहरे, पूर्व प्रत्याशी तिर्वा एडवोकेट अनिल पाल, पूर्व मंत्री विजय बहादुर पाल की पुत्रवधु पूजा पाल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रविंद्र सिंह यादव, सपा नेता विवेक पाल, मसूद अहमद भुट्टो, कुलदीप यादव, पूनम वर्मा, बबली देवी, सोनम यादव एवं अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव झा