कन्नौज: व्यापारी सम्मान दिवस पर सर्वाधिक कर देने वाले उद्यमियों को मिला भामाशाह सम्मान
कन्नौज , 29 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कन्नाैज में साेमवार काे दानवीर भामाशाह की जयंती के अवसर पर व्यापारी कल्याण दिवस कार्यक्रम जिले के कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में उत्कृष्ट करदाताओं, युवा उद्यमियों एवं महिला उद्यमियों को भामाशाह सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी नरेंद्र देव द्विवेदी ने कहा कि व्यापारी समाज प्रदेश एवं देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। व्यापारियों द्वारा ईमानदारी से जमा किया गया कर ही विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और आधारभूत संरचनाओं के निर्माण का प्रमुख आधार बनता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार व्यापारियों के हितों की रक्षा और उनके कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उन्हें सुरक्षा और प्रोत्साहन प्रदान किया जा रहा है।
इस अवसर पर जनपद की विभिन्न श्रेणियों में सर्वाधिक राज्य कर जमा करने वाले प्रतिष्ठानों को भामाशाह सम्मान से नवाजा गया। सम्मानित होने वालों में एम.एल. मोटर्स, मिथा ऑटोमोबाइल्स, कृष्णा सुगंध, वेलीवर्क, गांगुली परफ्यूमर्स, अरुणा अरोमा एसेंशियल ऑयल, बलवंत सिंह एंड संस, भगवती ईंट उद्योग, आश्रम ईंट भट्ठा तथा कन्नौज अत्तर्स शामिल रहे। इसके अतिरिक्त एमएसएमई क्षेत्र के युवा एवं महिला उद्यमियों को भी उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए भामाशाह सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य उत्कृष्ट करदाताओं को सम्मानित करने के साथ-साथ समाज में कर भुगतान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा शासन एवं व्यापारिक समुदाय के बीच समन्वय एवं विश्वास को और मजबूत करना रहा।
उपायुक्त राज्य कर मोहम्मद नाजिम ने सम्मानित करदाताओं का परिचय कराते हुए अन्य व्यापारियों से भी उनसे प्रेरणा लेकर अधिकाधिक राजस्व योगदान देने और प्रदेश के विकास में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उपायुक्त एवं कार्यालयाध्यक्ष राज्य कर राजीव त्यागी ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं करदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में उद्योग विभाग द्वारा एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के अंतर्गत इत्र एवं अगरबत्ती से संबंधित स्टॉल लगाए गए। वहीं पर्यटन एवं राजकीय पुरातत्व संग्रहालय कन्नौज द्वारा दानवीर भामाशाह के जीवन पर आधारित चित्र प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही। राज्य कर विभाग द्वारा भी पंजीयन एवं मुख्यमंत्री व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना संबंधी जानकारी देने के लिए विशेष स्टॉल स्थापित किए गए।
इस अवसर पर विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि अनिल गुप्ता, राज शर्मा, रामजी अग्रवाल, पवन त्रिवेदी, शैलेन्द्र गुप्ता तथा टैक्स बार एसोसिएशन के कमलेश सक्सेना, पोषक पाठक सहित अनेक अधिवक्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सहायक आयुक्त (प्रशासन) राज्य कर मनीष कुमार राय ने किया तथा विभाग के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव झा