शाहबिहारी मंदिर और राधारमण मंदिर में दिन में प्रकटे कन्हैया, हुआ प्राकट्य महाभिषेक

 


मथुरा, 04 सितम्बर (हि.स.)। वृन्दावन तीर्थ नगरी के मंदिरों में ब्रज के लाडले कन्हैया का प्राकट्य दिन में भी हुआ। ठा. श्री राधारमण मंदिर, ठाकुर श्री राधादामोदर और शाहबिहारी मंदिर में शुक्रवार भगवान श्रीकृष्ण का परंपरागत दिव्य अभिषेक हुआ। प्रातः काल से शुरू हुए अभिषेक अपराह्न काल तक चलते रहे। इसके बाद श्रद्धालुओं ने हर्षाेल्लाह से नंद के आनंद भयो जय कन्हैया लाल की के गगनभेदी जयघोषों से एक दूसरे को बधाई दी।

प्राचीन राधारमण मंदिर में गोपाल भट्ट गोस्वामी के सेव्य आराध्य को दूध,दही, शहद, घी और शक्कर से संगठित पंचामृत से महा अभिषेक किया गया। सेवायत पदमनाभ गोस्वामी, आचार्य श्रीवत्स गोस्वामी, अभिषेक गोस्वामी, चंदन गोस्वामी, अमित गोस्वामी, पदमालोचन गोस्वामी, अनुराग गोस्वामी आदि ने भगवान का वेद मंत्रोच्चार के मध्य महाभिषेक किया। श्रद्धालु भगवान की एक झलक पाने के लिए लालायित दिखे।

वहीं शाहबिहारी मंदिर में विराजमान ठा. राधारमण देव जू का दिव्य पंचामृत महाभिषेक जन्माष्टमी के महापर्व पर हुआ। यहां परंपरानुसार ठाकुरजी का प्राकट्य रात्रि के स्थान पर दिन में मनाया जाता है। इन दिव्य दर्शनों का लाभ लेने के लिए श्रद्धालु प्रातःकाल से ही मंदिर परिसर में एकत्रित हो गए। शुक्रवार प्रातः लगभग 9.30 बजे परंपरागत महाभिषेक प्रारंभ हुआ। जिसमें सेवायत शाह एसके गुप्ता और प्रशांत शाह ने वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य पंचामृत और पवित्र-सुवासित जड़ी बूटियों के जल से ठाकुर छोटे राधारमण देव जू का अभिषेक कराया।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार