कांवड़ यात्रा पर गए युवक की संदिग्ध हालत में मौत, हत्या का आरोप लगाकर तीन घंटे लगाया जाम

 


कानपुर देहात, 11 अगस्त (हि.स.)। मंगलपुर थाना क्षेत्र के बलरामपुर गांव निवासी 24 वर्षीय युवक की कांवड़ यात्रा के दौरान संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। युवक के परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर पुरानी रंजिश के चलते लाठी-डंडों से पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। मंगलवार को शव गांव पहुंचने के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने कंचौसी नहर पुल पर जाम लगा दिया। करीब तीन घंटे तक जाम रहने से रसूलाबाद-कंचौसी मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा।

बलरामपुर निवासी राजाबाबू पुत्र ऊदल सिंह रविवार को गांव के कुछ लोगों के साथ बिठूर कांवड़ लेकर जल भरने गया था। परिजनों ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि गांव के शिवनाथ, वीरेंद्र सिंह, दिनेश, जितेंद्र और लल्ली आदि राजाबाबू को अपने साथ ले गए थे। आरोप है कि चौबेपुर थाना क्षेत्र में रास्ते में गांव के ही कुछ लोगों ने राजाबाबू के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई।

हालांकि, युवक की मौत रास्ते में दुर्घटना के कारण होने की बात भी सामने आ रही है। पुलिस के अनुसार मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

मंगलवार सुबह राजाबाबू का शव गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। करीब नौ बजे बड़ी संख्या में लोग कंचौसी नहर पुल पर पहुंच गए और आरोपियों की गिरफ्तारी तथा हत्या का मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग को लेकर मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना मिलते ही कंचौसी चौकी प्रभारी सुशील कुमार सिसोदिया और मंगलपुर थाना प्रभारी राजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। बाद में पुलिस अधिकारियों ने परिजनों की पुलिस अधीक्षक से वार्ता कराई। निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद परिजनों ने जाम खोल दिया।

बताया गया कि बलरामपुर गांव में पिछले वर्ष भी एक युवक की हत्या हुई थी। इसके बाद से गांव में पुरानी रंजिश और तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / अवनीश अवस्थी