पश्चिमी उप्र में हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर मुरादाबाद पहुंचीं न्याय यात्रा

 


मुरादाबाद।, 21 नवंबर (हि.स.)। दि बार एसोसिएशन एण्ड लाइब्रेरी मुरादाबाद के तत्वाधान में पश्चिमी उत्तर प्रदेश हाईकोर्ट बेंच केंद्रीय संघर्ष समिति मेरठ के नेतृत्व में पश्चिम उत्तर प्रदेश के 22 जिला मुख्यालय एवं तहसीलों पर निकाली जा रही न्याय यात्रा पश्चिमी उत्तर प्रदेश हाईकोर्ट बेंच केंद्रीय संघर्ष समिति के अध्यक्ष अनुज कुमार गुप्ता एवं संयोजक परवेज आलम के नेतृत्व में शनिवार शाम को मुरादाबाद पहुंची।

न्याय यात्रा का न्याय रथ कमिश्नर कार्यालय से जेल रोड होता हुआ ताड़ीखाने चौराहे, विकास मंजिल, टाउन हॉल, कोतवाली, गंज गुरहट्टी चौराहा से बालाजी मन्दिर होते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंची।

जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में पश्चिम उत्तर प्रदेश केंद्रीय संघर्ष समिति के अध्यक्ष अनुज कुमार शर्मा संयोजक परवेज आलम बार एसोसिएशन के अध्यक्ष आनंद मोहन गुप्ता एवं महासचिव कपिल गुप्ता ने अपर जिलाधिकारी नगर अंकुर श्रीवास्तव को मुख्यमंत्री के नाम पश्चिम उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट की बेंच की स्थापना को लेकर ज्ञापन सौंपा।

पश्चिम उत्तर प्रदेश हाईकोर्ट बेंच केंद्रीय संघर्ष समिति के अध्यक्ष अनुज कुमार शर्मा ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 22 जिलों के सभी जिला मुख्यालय एवं तहसील बार एसोसिएशन के द्वारा यह फैसला लिया गया है कि यदि बेंच नहीं तो वोट नहीं यदि सरकार हमें बेंच नहीं देगी तो हम उसे वोट नहीं देंगे।

दि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी मुरादाबाद के अध्यक्ष आनंद मोहन गुप्ता एडवोकेट ने कहा पश्चिम उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट की मांग कोई नई मांग नहीं हैं यह मांग लगभग पांच दशको से भी अधिक समय से चली आ रही है लेकिन सभी सरकारें पश्चिमी उत्तर प्रदेश की जनता की इस मांग के प्रति उदासीन रही हैं।

केंद्रीय संघर्ष समिति के संयोजक परवेज आलम ने कहा कि 21 नवंबर 2011 को तत्कालीन मुख्यमंत्री मायावती ने उत्तर प्रदेश को चार प्रांतों में बांटने का प्रस्ताव बनाकर केंद्र सरकार को भेजा था यदि वह प्रस्ताव मान लिया जाता तो प्रत्येक प्रांत की अपनी एक अलग हाईकोर्ट होती।

सभा का संचालन मुरादाबाद बार एसोसिएशन के महासचिव कपिल गुप्ता एडवोकेट ने किया।

इस अवसर पर कार्यक्रम में अंजार हुसैन,संजीव राघव, गोपाल कृष्ण द्विवेदी, सचिन शर्मा, पुनीत चौहान, आवरण अग्रवाल, रमा पांडे, सुरेश सिंह, अनिल गुप्ता, पंकज शर्मा, सुनील कुमार सक्सेना, आबिद अली मुशतर अली, शहजादा सलीम, परमाल सिंह, त्रिलोक चंद दिवाकर, राजेश दयाल, पुष्प यादव, मन्नू शर्मा, प्रदीप ठाकुर, अजय पाल, पूजा चौधरी, प्रत्यूष यादव, सौरभ चक्रवर्ती, कुलदीप सिंह, राजीव चौधरी, दीपिका वर्मा सीता सैनी, नदीम अहमद, लुबना गजल आदि अधिवक्तागण मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल