ड्यूटी के दौरान तबीयत बिगड़ने से जूनियर रेजीडेंट डॉक्टर की मौत

 


कानपुर, 16 जुलाई (हि.स.)। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के हैलेट अस्पताल में तैनात ऑर्थोपेडिक्स विभाग के द्वितीय वर्ष के जूनियर रेजीडेंट डॉ. विनोद कुमार बिंद (27) की गुरुवार को ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। वह मूल रूप से जौनपुर के रहने वाले थे। घटना के बाद मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों, जूनियर रेजीडेंट्स और कर्मचारियों में शोक का माहौल है।

ऑर्थोपेडिक्स विभागाध्यक्ष डॉ. चंदन कुमार ने बताया कि डॉ. विनोद बुधवार-गुरुवार की रात इमरजेंसी ड्यूटी पर थे। तड़के करीब पांच बजे उन्हें पेट के ऊपरी हिस्से में तेज दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद उन्होंने स्वयं मेडिसिन इमरजेंसी में पहुंचकर उपचार शुरू कराया। शुरुआती जांच में हार्ट अटैक की आशंका के मद्देनजर ट्रोपोनिन-आई सहित अन्य आवश्यक जांच कराई गईं और तत्काल इलाज शुरू कर दिया गया।

कुछ समय बाद उनकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी। मेडिसिन, एनेस्थीसिया और कार्डियोलॉजी विभाग के वरिष्ठ चिकित्सकों की टीम ने उनका उपचार संभाला। हृदय गति और रक्तचाप को नियंत्रित करने के लिए लगातार सीपीआर दिया गया तथा टेम्परेरी पेसमेकर भी लगाया गया, लेकिन उनकी स्थिति में सुधार नहीं हो सका।

हालत गंभीर होने पर हैलेट अस्पताल से एलपीएस हृदय रोग संस्थान तक ग्रीन कॉरिडोर बनाकर उन्हें एडवांस लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस से भेजा गया। वहां विशेषज्ञ चिकित्सकों ने काफी देर तक उपचार किया।

मेडिकल कॉलेज प्रशासन के अनुसार उपचार के दौरान वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थिति की निगरानी करते रहे। सहकर्मियों ने बताया कि डॉ. विनोद पिछले कुछ महीनों से मधुमेह और उच्च रक्तचाप से भी पीड़ित थे। हालांकि, मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम और अन्य चिकित्सीय जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। घटना की सूचना उपचार के दौरान लगातार उनके परिजनों को दी जाती रही।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप