पीआईबी के नेतृत्व में राजस्थान के पत्रकारों का अयोध्या भ्रमण, विकास कार्यों का लिया विस्तृत जायजा

 




अयोध्या में तीव्र गति से हो रहे विकास कार्यों का मीडिया प्रतिनिधिमंडल ने किया अवलोकन, जिलाधिकारी से की भेंट

अयोध्या, 21 मार्च (हि.स.)। भारत सरकार की डेवलपमेंट कम्युनिकेशन एंड इंफॉर्मेशन डिसेमिनेशन (डीसीआईडी) योजना के अंतर्गत आयोजित मीडिया भ्रमण कार्यक्रम के तहत शनिवार को पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) जयपुर के सहायक निदेशक अमित कनौजिया के नेतृत्व में तथा पीआईबी लखनऊ के समन्वय से राजस्थान से आए पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने अयोध्या का भ्रमण किया।

भ्रमण के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने अयोध्या में संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं, आधारभूत अवसंरचना के विस्तार तथा शहरी सुविधाओं का व्यापक अवलोकन किया। पत्रकारों ने प्रत्यक्ष रूप से देखा कि किस प्रकार अयोध्या को एक आधुनिक, सुव्यवस्थित एवं विश्वस्तरीय धार्मिक-पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। इस क्रम में सड़कों के चौड़ीकरण, शहर के सौंदर्यीकरण, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता व्यवस्था तथा अन्य नागरिक सुविधाओं में किए गए उल्लेखनीय सुधारों की जानकारी भी प्राप्त की गई।

इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने अयोध्या के जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे से शिष्टाचार भेंट की। जिलाधिकारी ने अयोध्या में चल रही प्रमुख विकास परियोजनाओं, उनके प्रभावी क्रियान्वयन तथा जनसुविधाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु किए जा रहे प्रयासों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विकास कार्यों को तीव्र गति से आगे बढ़ाया जा रहा है, जिससे न केवल स्थानीय नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार हो रहा है, बल्कि पर्यटन गतिविधियों को भी महत्वपूर्ण बढ़ावा मिल रहा है।

उल्लेखनीय है कि यह मीडिया भ्रमण कार्यक्रम भारत सरकार की डीसीआईडी योजना के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं एवं आधारभूत अवसंरचना विकास से संबंधित कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन को प्रदर्शित करना तथा उनकी जानकारी को व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुंचाना है।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय