पत्रकारिता पर अंकुश लगाने वाले सीएमओ का आदेश रद्द करने की मांग

 


बांदा, 12 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा केवल 15 मान्यता प्राप्त पत्रकारों को ही कवरेज की अनुमति देने तथा अन्य पत्रकारों पर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी देने संबंधी आदेश को निरस्त करने के साथ ही सभी मान्यता प्राप्त व गैर मान्यता प्राप्त प्रिंट एवं इलेक्ट्रानिक मीडिया के पत्रकारों की सूची संबंधित सरकारी विभागों को उपलब्ध कराई जाए, ताकि समाचार संकलन के दौरान पत्रकारों की पहचान और कार्य क्षेत्र को लेकर अनावश्यक विवाद उत्पन्न न हो।

प्रिंट एवं इलेक्ट्रानिक जर्नलिस्ट एसोसिएशसन पेजा के जिलाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह गाैतम, राष्ट्रीय सचिव केएस दुबे एवं प्रदेश महासचिव नंद किशोर शिवहरे के संयुक्त नेतृत्व में गुरुवार को आयुक्त अजीत कुमार को दिए गए ज्ञापन के माध्यम से यह बात कहीं।

राष्ट्रीय सचिव दुबे ने आयुक्त को जानकारी देते हुए बताया कि मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा अपने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियाें व कर्मचारियों को जारी अपने पत्र में कहा है कि केवल 15 मान्यता प्राप्त पत्रकारों को ही कवरेज की अनुमति दी जाए, इसके अलावा यदि कोई अन्य पत्रकार अथवा स्थानीय पत्रकार स्वास्थ्य विभाग से संबंधित किसी अन्य संस्थान मे फोटो वीडियो बनाता है या किसी प्रकार की जानकारी करने का प्रयास करता है तो उसके विरूद्ध तत्काल वैधानिक कार्रवाई कराई जाए। कहा कि सीएमओ का यह आदेश न केवल पत्रकारिता के कार्य में अनावश्यक हस्ताक्षेप है, बल्कि यह आदेश पत्रकारों की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और स्वतंत्र पत्रकारिता पर अंकुश लगाने का प्रयास है जो पूरी तरह से अनुचित है, क्याेकि पत्रकारों को समाचार संकलन, संबंधित अधिकारियों से जानकारी लेने, नियमानुसार कवरेज करने का पूरा अधिकार है।

जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह गौतम ने कहा कि मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा जारी आदेश की समीक्षा कर तत्काल उसे निरस्त कराए और किसी भी पत्रकार के विरूद्ध शिकायत प्राप्त होने पर बिना जांच पड़ताल के कोई भी दंडात्मक कार्रवाई अमल में न लाई जाए। सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए जाए कि पत्रकारों को समाचार संकलन से वंचित न रखा जाए। अंत में उन्होंने चेतावनी दी है कि पत्रकार अपने अधिकारों एवं प्रेस की स्वतंत्रता की रक्षा के लिए लोकतांत्रित तरीके से आंदोलन करने को बाध्य होगा। ज्ञापन देने में संजय कुमार, वरिष्ठ पत्रकार रमेश चंद्र शर्मा, संजय कुमार, अनिल सिंह, अनिल तिवारी, धर्मेंद्र सिंह, मोहित, अभिषेक तिवारी, सुशील, मनोज धुरिया, बसंत कुमार गुप्ता, आशीष श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह