जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक के साथ किया परीक्षा केन्द्र का निरीक्षण

 


हाथरस, 02 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश हाथरस,हाथरस, उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी-टीईटी-2026) के प्रथम दिवस की लिखित परीक्षा के दृष्टिगत जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ परीक्षा केन्द्र पी.बी.ए.एस. इंटर कॉलेज का निरीक्षण कर परीक्षा को सफल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराए जाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने स्ट्रांग रूम, सीसीटीवी कंट्रोल रूम तथा परीक्षा केन्द्र की सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने कंट्रोल रूम में स्थापित सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से विभिन्न परीक्षा कक्षों में संचालित परीक्षा एवं परीक्षार्थियों की गतिविधियों का अवलोकन कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इसके उपरांत जिलाधिकारी ने परीक्षा कक्षों का निरीक्षण कर केंद्र पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का परीक्षण किया तथा स्क्रीनिंग टीम से वार्ता कर अभ्यर्थियों की स्क्रीनिंग एवं पहचान सत्यापन की प्रक्रिया पूरी सावधानी, सतर्कता एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी अधिकारी आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने परीक्षा केन्द्रों पर तैनात अधिकारियों को आगामी दो दिवस तक आयोजित होने वाली परीक्षाओं के दौरान सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर परीक्षार्थियों के लिए पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ शौचालय, निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारु रूप से उपलब्ध रहें, जिससे परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को परीक्षा अवधि के दौरान सतत निगरानी बनाए रखते हुए सभी व्यवस्थाओं का समय-समय पर निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना