योगी सरकार के ऐतिहासिक निर्णय से प्रदेश के विकास को मिलेगी रफ्तार -अशोक जाटव
- जिला पंचायत अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति जताया आभार
चित्रकूट, 15 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा जिला पंचायत चित्रकूट के अध्यक्ष अशोक जाटव को प्रशासक नियुक्त किया गया है। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति हृदय की गहराइयों से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा जो विश्वास उन पर जताया गया है, उस पर वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि जनहित एवं विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए जिला पंचायत को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
वहीं जनप्रतिनिधियों,भाजपाइयों और समर्थकों ने जिला पंचायत पहुंचकर अशोक जाटव का फूल मालाओं से लादकर बधाई देते हुए अभिनंदन किया। इस अवसर पर जिला पंचायत के नवनियुक्त प्रशासक ने समर्थकों को मिठाइयाँ खिलाकर अपनी खुशी का इजहार किया। स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष एवं प्रशासक अशोक जाटव ने कहा कि यह जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश सरकार के लोकप्रिय एवं यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व और विश्वास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि पूरे जिला पंचायत परिवार का सम्मान है।
कार्यक्रम में जिला सहकारी बैंक बांदा - चित्रकूट के चेयरमैन पंकज अग्रवाल,ब्लॉक प्रमुख सुशील द्विवेदी, जिला पंचायत सदस्य अर्जुन शुक्ला आदि मौजूद रहे । सभी ने प्रदेश सरकार द्वारा लिए गए ऐतिहासिक निर्णय की जमकर सराहना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रतन पटेल