युवा संवाद में बोले नीरज सिंह-लक्ष्य तय कर आगे बढ़ें, सेवा भावना को जीवन का हिस्सा बनाएं
झांसी, 26 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में शिवाजी नगर स्थित फ्यूचर कुल कोचिंग में शनिवार को “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत “युवा संवाद” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में युवाओं एवं विद्यार्थियों के साथ शिक्षा, ऊर्जा, सेवा और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर संवाद हुआ। मुख्य अतिथि नीरज सिंह, राजनाथ सिंह के सुपुत्र एवं भाजपा उत्तर प्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष रहे।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप पटेल, जिला उपाध्यक्ष नेहिल सिंघई और उत्तर प्रदेश कोऑपरेटिव बैंक के निदेशक आशीष उपाध्याय भी मौजूद रहे। फ्यूचर कुल परिवार की ओर से बृजेंद्र यादव, फ्यूचर कुल महाविद्यालय के प्राचार्य रामजी यादव, शिक्षकगण और स्टाफ उपस्थित रहे। संचालन राहुल द्विवेदी ने किया।
संवाद के दौरान नीरज सिंह ने विद्यार्थियों से सीधे बातचीत की। उन्होंने युवाओं को सकारात्मक ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने, जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने और शिक्षा के साथ समाज व राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने “सेवा संकल्प अभियान” के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से सेवा भावना को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने शिक्षा और जीवन से जुड़े विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे। नीरज सिंह ने विद्यार्थियों के प्रश्नों का सहजता से उत्तर दिया और उन्हें निरंतर सीखने तथा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कुछ विद्यार्थियों ने पूछे गए सवालों के उत्तर भी दिए, जिनका उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें उपहार प्रदान किए गए। इससे विद्यार्थियों में खासा उत्साह नजर आया।
कार्यक्रम के अंत में प्रोफेसर सुनील काविया ने अतिथियों, विद्यार्थियों, शिक्षकगण एवं समस्त स्टाफ का आभार जताया। आयोजकों ने बताया कि युवा संवाद का उद्देश्य विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास, ऊर्जा और सेवा भावना को बढ़ावा देना है।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया