धसान नदी में डूबने से युवक की मौत, तीन घंटे बाद मिला शव

 


दोस्त की आंखों के सामने छूटा हाथ, इकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम

शादी के कार्ड बांटने निकला था 20 वर्षीय दीपक, बचाने के लिए दोस्त ने भी लगाई जान की बाजी

झांसी, 22 अक्टूबर (हि.स.)। झांसी के गरौठा स्थित झारखंड धाम के पास धसान नदी पार करते समय 20 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में गोताखोरों ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद उसका शव बरामद किया। हादसे की खबर मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

जलालपुरा निवासी दीपक उर्फ दीपू राजावत (20) अपने दोस्त कुलदीप यादव के साथ शादी के कार्ड बांटने नगारा जा रहा था। रास्ते में झारखंड धाम के पास धसान नदी पड़ती है। नदी के बीच बनी पिंडी के पास दीपक नहाने लगा। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। दीपक की चीख सुनकर कुलदीप ने उसे बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी। उसने दीपक को पकड़ लिया, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण करीब 100 मीटर तक संघर्ष करने के बाद उसका हाथ छूट गया। देखते ही देखते दीपक पानी में समा गया।

घटना की सूचना मिलते ही थाना लहचूरा और पनवाड़ी पुलिस के साथ नायब तहसीलदार अमन हिंगवासिया मौके पर पहुंचे। गोताखोर जगदीश केवट, मोहन रैकवार, जयपाल रायकवार और सीताराम यादव ने नदी में तलाश अभियान चलाया। करीब तीन घंटे बाद दीपक का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मऊरानीपुर भेज दिया।

दीपक दो बहनों के बीच अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दोस्त कुलदीप भी उसे बचा न पाने से सदमे में है।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया