झांसी: ऑपरेशन के बाद महिला की मौत, निजी अस्पताल में परिजनों का हंगामा, लापरवाही का आरोप

 


झांसी, 07 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में नवाबाद थाना क्षेत्र स्थित मेडिकल कॉलेज के पास कमला अस्पताल में उपचार के दौरान एक महिला की मौत के बाद मंगलवार को परिजनों ने जमकर हंगामा किया। मृतका के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर ऑपरेशन के दौरान लापरवाही और गलत इलाज का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, तालपुरा एबट मार्केट निवासी रिजवाना पत्नी नफीस की तबीयत बिगड़ने पर 04 जुलाई को परिजन उन्हें कमला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने बताया कि उनकी पित्त की थैली में पथरी है और ऑपरेशन करना आवश्यक है। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कर लिया गया तथा 06 जुलाई को ऑपरेशन की तारीख तय की गई।

परिजनों का आरोप है कि 06 जुलाई की शाम करीब पांच बजे अस्पताल कर्मी रिजवाना को ऑपरेशन थिएटर में ले गए। काफी समय बीतने के बावजूद उन्हें वापस वार्ड में नहीं लाया गया। जब परिवार के लोगों ने कई बार जानकारी मांगी तो रात करीब नौ बजे उन्हें आईसीयू में रिजवाना से मिलने की अनुमति दी गई। उस समय वह बेहोश थीं और उनकी स्थिति के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।

मंगलवार सुबह अस्पताल प्रशासन ने परिजनों को रिजवाना की मौत की सूचना दी। इसके बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। उनका आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान बरती गई लापरवाही और गलत इलाज के कारण महिला की जान गई है। उन्होंने दोषी चिकित्सकों और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

सूचना पर विश्वविद्यालय चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आक्रोशित परिजनों को समझाकर शांत कराया। चौकी प्रभारी अखिल सिंह ने बताया कि मृतका के पति की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया कि सभी तथ्यों की जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, समाचार लिखे जाने तक अस्पताल प्रबंधन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया