धार्मिक आयोजनों में विधर्मियों ने प्रवेश किया तो खैर नहीं : विहिप
कहा—हिंदुत्व से है इतना प्रेम तो घर वापसी कर लें, नवदुर्गा उत्सव और डांडिया कार्यक्रमों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग
झांसी, 10 अक्टूबर (हि.स.)। आगामी नवदुर्गा उत्सव, दुर्गा पंडालों, डांडिया कार्यक्रमों और मेलों में प्रवेश व्यवस्था सख्त करने तथा धार्मिक मर्यादा बनाए रखने की मांग को लेकर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने शनिवार काे संयुक्त प्रेस वार्ता की। संघर्ष सेवा समिति कार्यालय में आयोजित वार्ता में पदाधिकारियों ने महिलाओं की सुरक्षा, धार्मिक आयोजनों में प्रवेश और मेलों में दुकानों के आवंटन का मुद्दा उठाया।
विश्व हिंदू परिषद के विभाग संगठन मंत्री सोमेंद्र यदुवंशी ने कहा कि हिंदू समाज के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक पहचान के प्रतीक हैं। इनकी पवित्रता बनाए रखना आयोजन समितियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग योजनाबद्ध तरीके से धार्मिक आयोजनों में प्रवेश कर व्यवधान उत्पन्न करने का प्रयास करते हैं। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि धार्मिक आयोजनों की मर्यादा भंग करने वालों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मंदिरों, दुर्गा पंडालों, डांडिया कार्यक्रमों और मेला स्थलों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने की मांग की।
दुर्गा वाहिनी की विभाग संयोजिका संगीता जोशी ने महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि कुछ लोग आयोजनों में छेड़खानी जैसी घटनाओं को अंजाम देने का प्रयास करते हैं। उन्होंने आयोजन समितियों से प्रवेश व्यवस्था मजबूत रखने और किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
पदाधिकारियों ने कहा कि यदि किसी को हिंदुत्व और हिंदू संस्कृति से इतना प्रेम है, तो उसे घर वापसी कर लेनी चाहिए। उन्होंने मेलों में दुकानों के आवंटन के दौरान धार्मिक आयोजनों की प्रकृति और हिंदू समाज की भावनाओं का ध्यान रखने की मांग भी की। कहा कि जब हिदुत्व से विधर्मियों को इतनी नफरत है तो उनके नाम पर व्यवसाय क्यों करते हैं।
संघर्ष सेवा समिति के संस्थापक डॉ. संदीप सरावगी ने कहा कि प्रत्येक धर्म की अपनी मान्यताएं और परंपराएं होती हैं। धार्मिक मर्यादाओं का सम्मान करते हुए आयोजन समितियों, प्रशासन और समाज के जिम्मेदार लोगों को आपसी समन्वय से काम करना चाहिए।
प्रेस वार्ता में प्रथम टंडन, शिवम त्रिवेदी, शिवम राजपूत, सौरव सिंह, विक्की शर्मा, निधि शास्त्री, रूपाली शाक्य और अर्जुन सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया