टाइम यूपी एक्सपो-2026 से युवाओं को मिलेगा उद्यमिता का नया मंच : प्रो. मुकेश पाण्डेय
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में रणनीतिक बैठक, स्टार्टअप, नवाचार और स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर मंथन
झांसी, 09 जुलाई (हि.स.)।
उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के अनुपालन में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में टाइम यूपी एक्सपो-2026 को लेकर गुरुवार काे जागरूकता एवं रणनीतिक बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को उद्यमिता, नवाचार, स्टार्टअप और स्वरोजगार के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें उद्योगों, निवेशकों एवं शासन की योजनाओं से जोड़ना था।
बैठक की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मुकेश पाण्डेय ने की।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रो. मुकेश पाण्डेय ने कहा कि वर्तमान समय नवाचार, कौशल और उद्यमिता का है। विश्वविद्यालयों की जिम्मेदारी केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, नवाचार और उद्यमशीलता विकसित करना भी है। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड विश्वविद्यालय स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है और टाइम यूपी एक्सपो-2026 विद्यार्थियों को उद्योगों, निवेशकों एवं सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रभावी मंच बनेगा। उन्होंने सभी संकायों एवं विभागों से अधिकतम छात्र-छात्राओं की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
मुख्य वक्ता मनीष चौधरी ने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP), मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (CM YUVA), मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) तथा निवेश मित्र 3.0 सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि झांसी आने वाले समय में सोलर एनर्जी हब के रूप में विकसित होगा। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर और बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (BIDA) के माध्यम से क्षेत्र में बड़े निवेश होंगे, जिससे युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
बुंदेलखंड एक्टिव स्टार्टअप इन्क्यूबेशन काउंसिल के मुख्य संचालन अधिकारी एवं आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी) के निदेशक प्रो. सुनील कुमार कविया ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को आइडिया से लेकर सफल स्टार्टअप स्थापित करने तक मेंटरशिप, तकनीकी मार्गदर्शन और संस्थागत सहयोग उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने कहा कि टाइम यूपी एक्सपो-2026 युवाओं के लिए निवेशकों और उद्योग जगत से सीधे जुड़ने का उत्कृष्ट अवसर होगा।
बैठक में प्रो. एस.के. कटियार, डॉ. अनुपम व्यास, डॉ. राजीव बबेले, हेमन्त चंद्रा, हितिका यादव, शशांक चन्द्र, जितेंद्र कुमार, चंद्र प्रकाश, बुंदेलखंड एक्टिव स्टार्टअप इन्क्यूबेशन काउंसिल से जुड़े विभिन्न स्टार्टअप संस्थापक, नवाचारकर्ता तथा विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों एवं विभागों के छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। अंत में सभी प्रतिभागियों ने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय को नवाचार एवं स्टार्टअप के क्षेत्र में अग्रणी संस्थान बनाने तथा युवाओं में उद्यमिता की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया