सपा करेगी‘देश बचाओ-वोट बचाओ’ आंदोलन, मुख्य चुनाव आयुक्त पर मुकदमा और इस्तीफे की मांग
जिला अध्यक्ष व महानगर अध्यक्ष ने दी प्रेस को जानकारी
झांसी, 02 अक्टूबर (हि.स.)। समाजवादी पार्टी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर शुक्रवार को ‘देश बचाओ-वोट बचाओ’ आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया। झांसी में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सपा जिलाध्यक्ष बृजेंद्र यादव और महानगर अध्यक्ष तनवीर आलम ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे, गिरफ्तारी और मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की।
बृजेंद्र यादव और तनवीर आलम ने कहा कि समाजवादी पार्टी का यह आंदोलन देशभर में चलाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त की भूमिका के कारण देश में बड़े स्तर पर वोट की चोरी और वोट की लूट हुई है। पार्टी इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज उठाएगी।
उन्होंने बताया कि आंदोलन के तहत एक सप्ताह तक विभिन्न स्तरों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ब्लॉक स्तर पर प्रदर्शन कर कार्यकर्ता अपनी मांगों को उठाएंगे। इसके बाद विधानसभा स्तर पर भी प्रदर्शन किए जाएंगे। जिला मुख्यालय पर ज्ञापन सौंपकर चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर कार्रवाई की मांग की जाएगी।
उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला भी फूंका जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी की मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। सपा कार्यकर्ता गिरफ्तारी और मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग को लेकर लगातार प्रदर्शन करेंगे।
बृजेंद्र यादव व तनवीर आलम ने कहा कि ‘देश बचाओ-वोट बचाओ’ अभियान के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ताओं को लामबंद किया जा रहा है। आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा और निर्धारित कार्यक्रमों में पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया