महंगाई, बेरोजगारी और रुपये का अवमूल्यन देश के सबसे बड़े मुद्दे : नरेश उत्तम पटेल
झांसी, 18 जून (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के फतेहपुर सांसद एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल गुरुवार को झांसी पहुंचे। यहां उन्होंने समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन में हिस्सा लिया और विधान परिषद चुनाव के प्रत्याशी मान सिंह यादव के समर्थन में कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए चुनावी रणनीति पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने तथा चुनाव में पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए नरेश उत्तम पटेल ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश में इस समय बेरोजगारी और महंगाई सबसे बड़े मुद्दे हैं, लेकिन सरकार इन समस्याओं के समाधान की बजाय केवल प्रचार-प्रसार में व्यस्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम जनता परेशान है और युवाओं को रोजगार के अवसर नहीं मिल पा रहे हैं।
सपा सांसद ने कहा कि देश की आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर हो रही है और रुपये का अवमूल्यन हो रहा है। इसके बावजूद सरकार वास्तविक मुद्दों पर ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि विश्व स्तर पर आर्थिक मामलों में भारत की स्थिति प्रभावित हो रही है, जबकि सरकार विकास के बड़े-बड़े दावे कर रही है।
नरेश उत्तम पटेल ने झांसी में राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपने के मामले में दर्ज मुकदमों का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है और लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने वाले लोगों पर मुकदमे दर्ज करना लोकतंत्र के लिए उचित नहीं है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे जनता के बीच जाकर सरकार की नीतियों और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाएं। सम्मेलन के दौरान बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया