धर्म केवल सनातन है, अन्य सभी मार्ग पंथ और संप्रदाय : कैलाशानंद गिरि महाराज

 




श्रीराम कथा में शिव-राम संबंध, गुरु महिमा और सनातन धर्म के दर्शन पर डाला प्रकाश

झांसी, 27 नवंबर (हि.स.)। निरंजनी अखाड़ा के पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. कैलाशानंद गिरि महाराज ने कहा कि धर्म केवल सनातन है, जबकि अन्य सभी मार्ग पंथ और संप्रदाय हैं। सनातन धर्म जीवन को आध्यात्मिक चेतना, आस्था और संस्कारों से जोड़ता है। भगवान की कृपा के बिना उनके वास्तविक स्वरूप को जानना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि श्रीराम के बिना महादेव और महादेव के बिना श्रीराम अधूरे हैं। दोनों एक-दूसरे के पूरक हैं। महाराज शुक्रवार को झांसी में आयोजित श्रीराम कथा के दूसरे दिन श्रद्धालुओं को संबोधित कर रहे थे।

गंगाधर राव कला मंच (मुक्ताकाशी मंच) पर कथा के दौरान उन्होंने श्रीरामचरितमानस के मंगलाचरण, भगवान शिव और श्रीराम के आध्यात्मिक संबंध, गुरु की महिमा तथा संतों के महत्व का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने झांसी को धर्मनगरी बताते हुए कहा कि यहां देवी-देवताओं का वास है। संतों की महिमा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि संतों के दर्शन मात्र से वही पुण्य प्राप्त हो सकता है, जो तीर्थराज प्रयाग में गंगा स्नान करने से मिलता है।

भगवान के स्वरूप की व्याख्या करते हुए आचार्य महामंडलेश्वर ने कहा कि उनके तीन स्वरूप हैं। पहला शब्द ब्रह्म, दूसरा नाद ब्रह्म और तीसरा परब्रह्म है। श्रीरामचरितमानस की चौपाई 'सिया राम मय सब जग जानी, करहु प्रणाम जोरि जुग पानी' के माध्यम से उन्होंने समूचे संसार में प्रभु श्रीराम के स्वरूप की व्याप्ति को समझाया। उन्होंने कहा कि श्रीरामचरितमानस की रचना में हनुमान जी की विशेष कृपा रही और गोस्वामी तुलसीदास जी को भगवान ने इस कार्य का माध्यम बनाया।

मंगलाचरण की संगीतमय एवं भावपूर्ण व्याख्या करते हुए उन्होंने 'वर्णानामर्थसंघानां रसानां छन्दसामपि' का अर्थ समझाया। कहा कि श्रीरामचरितमानस के मंगलाचरण में ही समस्त कांडों का भाव समाहित है। गणेश वंदना का महत्व बताते हुए उन्होंने कहा कि गण का अर्थ इंद्रियां है। शरीर में कुल 14 इंद्रियां मानी गई हैं और गणेश जी उनके स्वामी हैं। इसी कारण प्रत्येक शुभ कार्य और पूजन में गणेश जी को प्रथम पूज्य माना गया है। सरस्वती वंदना के बिना शब्द ज्ञान संभव नहीं है, जबकि भगवान शंकर के वंदन के बिना श्रीरामचरितमानस की पूर्णता नहीं हो सकती।

उन्होंने बताया कि गोस्वामी तुलसीदास जी ने मानस के मंगलाचरण में संत-असंत, सज्जन-असज्जन, ऋषियों, हनुमान जी और माता सीता सहित सभी का क्रमशः वंदन किया है। माता सीता की स्तुति के बाद प्रभु श्रीराम की वंदना की गई है।

भगवान शिव को अष्टांग योग का आचार्य बताते हुए महाराज ने योग साधना की महत्ता पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि चार घंटे तक एक आसन पर स्थिर बैठने वाला साधक आसन सिद्ध कर सकता है। गीता के संदेश का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मनुष्य को निरंतर कर्म करते रहना चाहिए, सिद्धि स्वतः प्राप्त होती है।

गुरु की महत्ता पर उन्होंने कहा कि गुरु के बिना कोई भी भवसागर पार नहीं कर सकता, चाहे वह ब्रह्मा और भगवान शंकर के समान ही क्यों न हो। इस संदर्भ में उन्होंने श्रीरामचरितमानस की चौपाई 'गुरु बिनु भवनिधि तरहि न कोई, जो बिरंचि शंकर सम होई' के माध्यम से गुरु के महत्व को रेखांकित किया।

इससे पूर्व कथा के शुभारंभ पर मुख्य चरण सेवक सोनम एवं अनूप कुमार शिवहरे 'देहाती' तथा सहायक चरण सेवक पूजा एवं अभिषेक श्रीवास्तव ने पूजन-अर्चन किया।

इस अवसर पर आनंद स्वामी जी, बघेरा आश्रम, गुरुजी तुलसी आश्रम चिरगांव, कल्प महाराज, पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य कुलदीप विश्वकर्मा, आरपी निरंजन, पंकज राय, जीतू शिवहरे, अमित चिरवारिया, अनामिका, आकाश सक्सेना, अजय सुनीता सक्सेना, सुमित खरे, मुकुल द्विवेदी, आरती मनमोहन यादव, डॉ. अनुराग टंडन, लला तिवारी, सत्येंद्र सिंह, रोहित पांडेय और आयुष सक्सेना सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया