झांसी में शिव पुराण व हनुमत कथा का महासंगम 04 दिसंबर से : पं. रवि शर्मा
सुख, शांति और समृद्धि के लिए 04 से 14 दिसंबर तक होगा भव्य धार्मिक आयोजन
झांसी, 04 अक्टूबर (हि.स.)।
धर्म, अध्यात्म और सनातन संस्कृति से युवा पीढ़ी को जोड़ने तथा समाज में आध्यात्मिक चेतना का संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से झांसी में 04 से 14 दिसंबर तक भव्य धार्मिक आयोजन किए जाएंगे। बूढ़ा भोजला में होने वाले इस आयोजन में शिव महापुराण कथा, पार्थिव शिवलिंग निर्माण, भगवान श्री हनुमान की कथा और बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेन्द्र शास्त्री का दिव्य दरबार प्रमुख आकर्षण होंगे।
रविवार को सिद्धेश्वर मंदिर प्रांगण में आयोजित पत्रकार वार्ता में सदर विधायक पंडित रवि शर्मा ने कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि झांसी के समूचे जनमानस की सुख, शांति और समृद्धि की कामना के साथ धर्म, अध्यात्म और भारतीय सनातन संस्कृति के प्रति जन-जन को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। आयोजन में श्रद्धालुओं को देश के प्रसिद्ध संतों के श्रीमुख से धर्मोपदेश और आध्यात्मिक कथाएं सुनने का अवसर मिलेगा।
विधायक ने बताया कि 4 से 10 दिसंबर तक सीहोर के अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त संत प्रदीप मिश्रा द्वारा शिव महापुराण कथा का वाचन किया जाएगा। इस दौरान हजारों पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण भी होगा। श्रद्धालुओं को भगवान भोलेनाथ की महिमा, भक्ति, श्रद्धा और सनातन परंपराओं से जुड़े आयोजनों का लाभ मिलेगा।
इसके बाद 11 से 14 दिसंबर तक बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेन्द्र शास्त्री द्वारा भगवान की कथा सुनाई जाएगी तथा दिव्य दरबार लगाया जाएगा। विधायक ने झांसी की माताओं, बहनों, बच्चों और युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धार्मिक आयोजन में शामिल होने और पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की।
पत्रकार वार्ता में पंडित हरिओम पाठक, प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य पं. मनोज थापक, मैथिलीशरण मुदगिल,आलोक शर्मा, पं. विनोद चतुर्वेदी, परन शर्मा, गोकुल दुबे, व्यापारी नेता मन मोहन गैंडा, संजय पटवारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया