गैर जमानती वारंट का मामले में राखी सावंत ने वीडियो जारी कर कहा-वह लक्ष्मण को नहीं जानती

 


16 साल पुराने मामले में राखी सावंत के खिलाफ गैर जमानती वारंट का मामला

झांसी, 18 अक्टूबर (हि.स.)। 16 साल पुराने मामले में झांसी की अदालत ने बॉलीवुड अभिनेत्री राखी सावंत के खिलाफ शनिवार को गैर जमानती वारंट (NBW) जारी किया है। मामला वर्ष 2010 में प्रसारित हुए टीवी शो ‘राखी का इंसाफ’ से जुड़ा है। आरोप है कि शो के दौरान झांसी निवासी लक्ष्मण प्रसाद अहिरवार को ‘नामर्द’ कहकर सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया था। इसके बाद सदमे में लक्ष्मण की तबीयत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। रविवार काे सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर राखी ने सफाई पेश कर डाली। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि वह कानून का सम्मान करती हैं।

लक्ष्मण की मां सावित्री की शिकायत पर राखी सावंत के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। अदालत की ओर से समन जारी होने के बावजूद राखी के पेश नहीं होने पर अब गैर जमानती वारंट जारी किया गया है। मामले की अगली सुनवाई सीएडब्ल्यू (एफटीसी) कोर्ट में 1 दिसंबर को होगी।

राखी सावंत ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कहा कि यह वर्ष 2010 का मामला है और उनका इससे कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि वह शो की केवल होस्ट थीं और चैनल की ओर से जो बोलने के लिए कहा जाता था, वही बोलती थीं। उन्होंने दावा किया कि वह लक्ष्मण को जानती तक नहीं थीं। राखी ने कहा कि जरूरत पड़ी तो जेल भी जाने को तैयार हैं और वह कानून का सम्मान करती हैं।

शादी के सात महीने बाद हुआ था विवाद

डीजीसी क्राइम मृदुलकांत श्रीवास्तव के अनुसार, प्रेमनगर के टोरिया मोहल्ला निवासी लक्ष्मण ठेले पर सब्जी बेचते थे। उनकी शादी 19 फरवरी 2010 को राजगढ़ निवासी अनीता से हुई थी। करीब सात महीने बाद पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया और अनीता मायके चली गई थीं। विवाद का मामला टीवी शो ‘राखी का इंसाफ’ तक पहुंचा।

लक्ष्मण अपनी मां सावित्री, मामी पूजा और मामा बलबीर के साथ मुंबई गए थे। मां का आरोप था कि शो में राखी ने लक्ष्मण को अपमानित किया और उन्हें ‘नामर्द’ कहा। 23 अक्टूबर 2010 को कार्यक्रम प्रसारित होने के बाद लक्ष्मण मानसिक रूप से परेशान रहने लगे। परिजनों के मुताबिक, उन्होंने खाना छोड़ दिया और लोगों के सामने जाने से बचने लगे। 9 नवंबर को हालत बिगड़ने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां 10 नवंबर को उनकी मौत हो गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया