ओडीओपी से वंदना ने पकड़ी आत्मनिर्भरता की राह, सॉफ्ट टॉयज ने दिलाई पहचान

 




झांसी, 15 अक्टूबर (हि.स.)। योगी सरकार की एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना झांसी की महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता की नई राह खोल रही है। इसी योजना से जुड़कर वंदना चौधरी ने सॉफ्ट टॉयज बनाने के हुनर को कारोबार का रूप दिया और अब प्रदेश के विभिन्न प्रतिष्ठित आयोजनों में अपने उत्पादों का प्रदर्शन कर पहचान बना रही हैं। इससे उन्हें परिवार की आर्थिक जरूरतों में सहयोग करने का अवसर भी मिला है।

वंदना ने वर्ष 2022 में ओडीओपी योजना के तहत सॉफ्ट टॉयज निर्माण का प्रशिक्षण प्राप्त किया था। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद सरकार की ओर से उन्हें प्रमाण पत्र के साथ सॉफ्ट टॉयज बनाने की निःशुल्क किट भी उपलब्ध कराई गई। इसी प्रशिक्षण और किट के सहारे उन्होंने अपने हुनर को निखारा और धीरे-धीरे अपने उत्पादों को बाजार तक पहुंचाना शुरू किया।

वंदना अब प्रदेश के कई जिलों में आयोजित प्रदर्शनियों और ट्रेड शो में हिस्सा ले चुकी हैं। पिछले महीने ग्रेटर नोएडा में आयोजित उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस) में भी उन्होंने अपने सॉफ्ट टॉयज की प्रदर्शनी लगाई। 25 से 29 सितंबर तक आयोजित इस ट्रेड शो के लिए झांसी के ओडीओपी से जुड़े छह उद्यमियों का चयन किया गया था, जिसमें वंदना भी शामिल थीं। यहां उनके उत्पादों को लोगों ने काफी सराहा।

इसके अलावा इटावा, लखनऊ समेत प्रदेश के कई जिलों में आयोजित कार्यक्रमों में भी वंदना अपने उत्पादों का प्रदर्शन कर चुकी हैं। अब वह अपने कारोबार को और विस्तार देने की तैयारी में जुटी हैं।

वंदना चौधरी ने बताया कि वह प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री युवा योजना के माध्यम से ऋण प्राप्त कर सॉफ्ट टॉयज के काम को बड़े स्तर पर ले जाने की तैयारी कर रही हैं। साथ ही ऑनलाइन प्लेटफार्म के माध्यम से उत्पादों की बिक्री बढ़ाने की योजना है। उनका कहना है कि ओडीओपी के प्रशिक्षण और सरकार से मिली किट ने उन्हें अपने हुनर को रोजगार में बदलने का अवसर दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया