झांसी : नाइट्रोजन गैस टैंकर से रिसाव, एलपीजी की अफवाह से मची अफरा-तफरी
कानपुर हाईवे पर लगा दो किलोमीटर लंबा जाम
झांसी, 06 जुलाई (हि.स.)। झांसी- कानपुर हाईवे पर सोमवार दोपहर करीब 12 बजे एक गैस टैंकर से गैस का रिसाव होने से अफरा-तफरी मच गई। शुरुआत में लोगों ने इसे एलपीजी गैस का रिसाव समझ लिया, जिससे आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। सुरक्षा के मद्देनजर हाईवे की एक लेन बंद कर यातायात को दूसरी लेन पर डायवर्ट कर दिया गया। इससे करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया और सैकड़ों वाहन फंस गए। लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद रिसाव पर पूरी तरह काबू पा लिया गया और यातायात सामान्य हो सका।
यह घटना बड़ागांव थाना क्षेत्र के गोरामछिया गांव के पास हुई। फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और टैंकर पर लगातार पानी का छिड़काव किया गया। जांच के दौरान स्पष्ट हुआ कि टैंकर में एलपीजी नहीं बल्कि नाइट्रोजन गैस भरी थी। अधिकारियों ने बताया कि गैस ज्वलनशील नहीं थी, इसलिए आग लगने का खतरा नहीं था। हालांकि एहतियात के तौर पर पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में रखा गया।
टैंकर चालक राजस्थान के सीकर निवासी रामनिवास ने बताया कि वह गुजरात के वडोदरा जिले के कर्जण से नाइट्रोजन गैस लेकर बिहार स्थित इंडियन ऑयल रिफाइनरी जा रहे थे। सोमवार दोपहर जब वह झांसी के गोरामछिया गांव के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही एक कार चालक ने उन्हें संकेत देकर बताया कि टैंकर से गैस निकल रही है। इसके बाद उन्होंने तुरंत टैंकर को सड़क किनारे रोक दिया।
चालक के अनुसार टैंकर में दबाव अधिक होने के कारण सेफ्टी वाल्व स्वतः खुल गया, जिससे गैस का रिसाव शुरू हो गया। यह सुरक्षा प्रणाली का हिस्सा है, जो अधिक दबाव होने पर टैंकर को नुकसान से बचाने के लिए काम करती है। फायर ब्रिगेड ने पानी का छिड़काव कर स्थिति को नियंत्रित किया और कुछ ही देर में रिसाव पूरी तरह बंद हो गया।
रामनिवास ने बताया कि गैस निकलते देख आसपास के लोग घबरा गए और इसे एलपीजी गैस समझ बैठे। पास के एक पेट्रोल पंप संचालक ने भी टैंकर को तुरंत वहां से हटाने के लिए कहा। चालक ने लोगों को समझाने की कोशिश की कि टैंकर में नाइट्रोजन गैस है, जिससे आग लगने का खतरा नहीं है, लेकिन लोग डर के कारण उनकी बात मानने को तैयार नहीं थे।
रिसाव पूरी तरह बंद होने के बाद पुलिस ने बंद की गई लेन को दोबारा खोल दिया और टैंकर को बिहार के लिए रवाना कर दिया। घटना के दौरान किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रशासन ने समय रहते स्थिति को नियंत्रित कर बड़ी दुर्घटना की आशंका को टाल दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया