स्नातक एमएलसी चुनाव : 31 मतदान केंद्रों के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना, जिले में 25,220 मतदाता करेंगे मतदान

 


झांसी, 22 अक्टूबर (हि.स.)।

झांसी-इलाहाबाद खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए गुरुवार को बुंदेलखंड महाविद्यालय से 31 मतदान केंद्रों के लिए पोलिंग पार्टिया रवाना हुईं।

जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी गौरांग राठी ने रवानगी स्थल का निरीक्षण कर मतदान कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी पोलिंग पार्टियां मतदान सामग्री और आवश्यक प्रपत्रों का भली-भांति मिलान करने के बाद ही रवाना हों। उन्होंने मतदान पेटिका सील करने सहित अन्य निर्वाचन सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी कार्मिकों को निर्धारित मतदेय स्थलों पर समय से पहुंचकर मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने को कहा।

झांसी-इलाहाबाद खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में जिले के 31 मतदान केंद्रों पर 47 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। यहां कुल 25,220 स्नातक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान के लिए सभी पोलिंग पार्टियों को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराकर कड़ी सुरक्षा के बीच रवाना किया गया।

पुलिस अधीक्षक प्रीति सिंह ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। मतदान केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में आवश्यक प्रतिबंध लागू रहेंगे। महिला मतदाताओं की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा गया है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए क्षेत्राधिकारियों और पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।

रवानगी के बाद जिलाधिकारी ने नेशनल हाफिज सिद्दीकी मतदान स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान सीडीओ रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड, जॉइंट मजिस्ट्रेट आयुष सैनी सहित अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया