मोबाइल न मिलने से नाराज 12वीं की छात्रा ने फांसी लगाकर दी जान

 


स्कूल जाने से पहले पिता से मांगा था मोबाइल, मना करने पर नहीं गई स्कूल,दिया घटना को अंजाम

झांसी, 15 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी के बबीना कस्बे में मोबाइल न मिलने से नाराज 12वीं की छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। स्कूल जाने से पहले छात्रा ने पिता से मोबाइल मांगा था। पिता ने दूसरा मोबाइल ले जाने को कहा तो उसने इनकार कर दिया। इसके बाद नाराज होकर स्कूल जाने से मना कर दिया और कमरे में जाकर लेट गई। शाम को उसका शव कमरे में फंदे पर लटका मिला। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।

मृतका की पहचान बबीना के ब्लॉक कार्यालय के पास रहने वाले प्रदीप साहू की 16 वर्षीय बेटी महक साहू के रूप में हुई है। वह एक निजी स्कूल में कक्षा 12वीं की छात्रा थी। उसके पिता घर में किराना की दुकान चलाते हैं। परिवार में एक बेटा और एक बेटी थी। बड़ा बेटा अरमान स्नातक की पढ़ाई कर रहा है।

पिता प्रदीप साहू ने बताया कि शनिवार को स्कूल में बाल दिवस का कार्यक्रम था। सुबह महक स्कूल जाने के लिए तैयार हो रही थी। इसी दौरान उसने कार्यक्रम की तस्वीरें खींचने के लिए मोबाइल मांगा। पिता ने उसे दूसरा मोबाइल ले जाने को कहा, लेकिन महक ने उससे जाने से इनकार कर दिया। पिता ने कुछ देर बाद मोबाइल देने की बात कही तो वह नाराज हो गई और स्कूल न जाने की बात कहकर कमरे में चली गई।

परिजनों के मुताबिक, दिनभर महक सामान्य रही। शाम करीब पांच बजे वह ऊपर वाले कमरे में गई और मां की साड़ी से फंदा लगा लिया। काफी देर तक नीचे नहीं आने पर मां उसे देखने पहुंचीं तो वह फंदे पर लटकी मिली। मां की चीख सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

थाना प्रभारी राहुल राठौर ने रविवार काे बताया कि सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया