साधु वेश में संसद पहुंचे सांसदों ने किया संसद व सनातन का अपमान : जयवीर सिंह

 


कहा- अभी 10 साल और इंतजार करें अखिलेश यादवझांसी में गरजे प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह, विपक्ष और सपा पर साधा निशाना

झांसी, 01 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं झांसी के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने शनिवार को झांसी दौरे के दौरान विपक्ष और समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने संसद में साधु वेश में पहुंचे विपक्षी सांसदों के प्रदर्शन को संसद की गरिमा और सनातन धर्म का अपमान बताया। वहीं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें अभी दस साल और सत्ता का इंतजार करना होगा।

प्रभारी मंत्री झांसी के सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे।

इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत की संसद लोकतंत्र का सर्वोच्च मंदिर है, जिसका पूरी दुनिया में सम्मान किया जाता है। ऐसे में संसद परिसर में साधु वेश धारण कर विरोध प्रदर्शन करना न केवल संसद की गरिमा के खिलाफ है, बल्कि सनातन परंपरा का भी अपमान है। उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष से इस मामले में उचित कार्रवाई करने की मांग की।

जयवीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंच रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की बढ़ती लोकप्रियता से विपक्ष पूरी तरह बौखला गया है और जनता को भ्रमित करने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रहा है।

समाजवादी पार्टी और सांसद डिंपल यादव द्वारा महिला सम्मान को लेकर दिए गए बयानों पर भी प्रभारी मंत्री ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी के शासनकाल में महिलाओं के खिलाफ अपराध और कानून व्यवस्था के मुद्दे लगातार सुर्खियों में रहते थे, वह आज महिला सम्मान की बात कर रही हैं, जो आश्चर्यजनक है।

अखिलेश यादव पर कटाक्ष करते हुए जयवीर सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता वर्ष 2012 से 2017 के शासनकाल को भूली नहीं है। प्रदेश की जनता विकास, सुशासन और सुरक्षा के मुद्दों पर मतदान करती है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार पर जनता का भरोसा कायम है और समाजवादी पार्टी को अभी कम से कम दस वर्ष तक सत्ता के लिए इंतजार करना पड़ेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश में भाजपा लगातार जनसमर्थन के साथ आगे बढ़ती रहेगी। इस दौरान उनके साथ महानगर अध्यक्ष सुधीर सिंह व अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया