पेयजल, डिफेंस कॉरिडोर और सौर ऊर्जा परियोजनाएं बदलेंगी बुंदेलखंड की तस्वीर: ए.के. शर्मा
गुरसराय-गरौठा की 83.24 करोड़ रुपये की पेयजल योजना का लोकार्पण, 7,740 घरों तक पहुंचेगा शुद्ध पेयजल
झांसी, 24 जुलाई (हि.स.)। झांसी पहुंचे उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने शुक्रवार को गुरसराय नगर पालिका और गरौठा नगर पंचायत की संयुक्त 83.24 करोड़ रुपये की पुनर्गठित पेयजल योजना का लोकार्पण किया। इस महत्वाकांक्षी योजना के माध्यम से गुरसराय और गरौठा क्षेत्र के करीब 7,740 घरों तक नियमित रूप से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। मंत्री ने कहा कि यह परियोजना बुंदेलखंड को पेयजल संकट से राहत दिलाने के साथ-साथ क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप पटेल ने की।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए ए.के. शर्मा ने कहा कि यह योजना केवल पानी उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों के स्वास्थ्य, जीवन स्तर और भविष्य को बेहतर बनाने का माध्यम भी बनेगी। आधुनिक जल शोधन एवं वितरण प्रणाली के जरिए प्रत्येक घर तक सुरक्षित और स्वच्छ पेयजल पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होने से जलजनित बीमारियों में कमी आएगी और लोगों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार होगा।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बुंदेलखंड में विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। पेयजल, बिजली, सड़क, डिफेंस कॉरिडोर और सौर ऊर्जा जैसी बड़ी परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में निवेश बढ़ेगा, उद्योग स्थापित होंगे और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि नए उद्योगों में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता मिले, जिससे रोजगार के लिए होने वाला पलायन रुके और बुंदेलखंड आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सके।
ए.के. शर्मा ने सौर ऊर्जा को भविष्य की आवश्यकता बताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ ऊर्जा उत्पादन भी बढ़ेगा और प्रदेश आत्मनिर्भरता की दिशा में और मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि सरकार बिजली उत्पादन, ट्रांसमिशन और वितरण व्यवस्था को भी सुदृढ़ बना रही है, ताकि प्रदेश के प्रत्येक गांव और शहर को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध बिजली मिल सके।
मंत्री ने अभिभावकों से बच्चों, विशेषकर बेटियों, को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में डिफेंस कॉरिडोर और औद्योगिक परियोजनाओं में वही युवा आगे बढ़ पाएंगे, जो शिक्षित और कौशलयुक्त होंगे। इसलिए शिक्षा और कौशल विकास पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है।
कार्यक्रम में गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत ने भी स्थानीय युवाओं को उद्योगों में प्राथमिकता के आधार पर रोजगार दिए जाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं का सबसे अधिक लाभ क्षेत्र के युवाओं को मिलना चाहिए, ताकि वे अपने ही जिले में रोजगार प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने योजना को बुंदेलखंड के विकास की दिशा में मील का पत्थर बताते हुए इसके समयबद्ध क्रियान्वयन और जनहित में प्रभावी संचालन पर जोर दिया।
इस अवसर पर बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा, विधान परिषद सदस्य डॉ. बाबूलाल तिवारी और रमा निरंजन, गुरसराय नगर पालिका अध्यक्ष जयपाल सिंह चौहान, गरौठा नगर पंचायत अध्यक्ष अरुण मिश्रा, समथर नगर पंचायत अध्यक्ष देवेन्द्र कंसाना, ब्लॉक प्रमुख चंद्रभान अहिरवार और टीकाराम पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भी भाग लिया।
युवाओं के प्रति प्रधानमंत्री विपक्ष से ज्यादा गंभीर
झांसी पहुंचे नगर विकास मंत्री एक शर्मा ने सर्किट हाउस में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि युवाओं के मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विपक्ष से ज्यादा गंभीर है। उनकी प्रत्येक समस्या प्रधानमंत्री की समस्या है। उसके निस्तारण के लिए वह सभी कदम उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने युवाओं की इतनी चिंता कभी नहीं की, जितना भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया