मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना : एक मंडप में गूंजे मंगलगीत, 270 जोड़े बंधे परिणय सूत्र में

 


झांसी में 194 और गुरसराय में 76 जोड़ों का विवाह, जनप्रतिनिधियों ने दिया आशीर्वाद

झांसी, 23 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत गुरुवार को खुशियों का अनोखा माहौल देखने को मिला। एक ही मंडप में मंगलगीतों और शहनाई की गूंज के बीच 270 जोड़े सात जन्मों के बंधन में बंध गए। जिले में दो स्थानों पर आयोजित सामूहिक विवाह समारोहों में झांसी शहर में 194 तथा गुरसराय में 76 जोड़ों का विवाह और निकाह संपन्न कराया गया। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और परिजनों ने नवविवाहित जोड़ों को सुखद दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया।

झांसी शहर के भगवंतपुरा स्थित द ग्रीन ग्राण्डयोर में आयोजित मुख्य समारोह का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम, विधान परिषद सदस्य रमा निरंजन तथा जिलाधिकारी गौरांग राठी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। समारोह में वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ 177 हिंदू जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया, जबकि 17 मुस्लिम जोड़ों का निकाह कराया गया। पूरे परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और विवाह समारोह में शामिल परिवारों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दे रही थी।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह की चिंता कम करने के साथ-साथ दहेज जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

विधान परिषद सदस्य रमा निरंजन ने नवदंपतियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत प्रत्येक जोड़े पर सरकार की ओर से एक लाख रुपये की सहायता प्रदान की जा रही है, जिससे नवदंपतियों को अपने नए जीवन की शुरुआत करने में आर्थिक सहयोग मिलता है।

उधर, गुरसराय के खुशबू पैलेस में भी सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया, जहां 70 हिंदू और छह मुस्लिम जोड़ों का विवाह एवं निकाह संपन्न कराया गया। गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद और समृद्ध वैवाहिक जीवन की कामना की। कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाली। दोनों समारोहों में बड़ी संख्या में परिजन और आमजन उपस्थित रहे, जिन्होंने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देकर उनके नए जीवन की शुरुआत का स्वागत किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया