महारानी लक्ष्मीबाई बलिदान दिवस की पूर्व संध्या पर निकली रानी झांसी बलिदान ज्योति यात्रा
झांसी, 17 जून (हि.स.)। महारानी लक्ष्मीबाई के बलिदान दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रभक्त संगठन एवं हिंदू समन्वय मंच द्वारा बुधवार को रानी झांसी बलिदान ज्योति यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष अंचल अरजरिया के निर्देशन तथा सर्वेश पटेल, अर्पित शर्मा और दिनेश कुशवाहा के नेतृत्व में निकाली गई। प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली यह यात्रा इस वर्ष लगातार 20वें वर्ष संपन्न हुई।
ज्योति यात्रा का शुभारंभ झांसी किले से हुआ। इसके बाद यात्रा रानी लक्ष्मीबाई पार्क, एलिट चौराहा, सीपरी बाजार और आवास विकास बिहार चौराहा होते हुए ग्वालियर के लिए रवाना हुई। पूरे मार्ग में कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने यात्रा का स्वागत करते हुए महारानी लक्ष्मीबाई के अदम्य साहस और बलिदान को याद किया।
ग्वालियर जाते समय दतिया और डबरा में स्थानीय लोगों ने यात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया। ग्वालियर पहुंचने पर भी ज्योति यात्रा का भव्य अभिनंदन किया गया। वहां वरिष्ठ भाजपा नेता जयभान सिंह पवैया ने ज्योति को ग्रहण किया। इसके साथ ही तीन दिवसीय ऐतिहासिक मेले का शुभारंभ हुआ। मेले में महारानी लक्ष्मीबाई से जुड़े अस्त्र-शस्त्रों और ऐतिहासिक विरासत का प्रदर्शन किया जाता है, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और इतिहास प्रेमी पहुंचते हैं।
आयोजकों ने बताया कि महारानी लक्ष्मीबाई के साथ अंतिम युद्ध में शामिल रहे उनके गुरु बाबा गंगादास की स्मृति में 11 जून से 17 जून तक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन भी किया जाता है। यह आयोजन वीरांगना की स्मृतियों को जीवंत रखने और नई पीढ़ी को उनके त्याग, शौर्य एवं राष्ट्रभक्ति से प्रेरित करने का माध्यम है।
इस अवसर पर गुड्डू शर्मा, दिलीप तिवारी, दीपक वर्मा, साहिल मिश्रा, प्रियांशु, अंकित दीप, राघवेंद्र, प्रतीक, विशाल शैवाल, राजकुमार, अंकुश, भारत कुशवाहा, दीपेंद्र, गिरिराज, आकाश, गोलू, आशीष, अमन, अमित और संदीप सहित बड़ी संख्या में संगठन के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। यात्रा राष्ट्रभक्ति के नारों और उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच संपन्न हुई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया