प्रवक्ता प्रवेश परीक्षा : झांसी में 70 प्रतिशत अभ्यार्थियों ने छोड़ी परीक्षा

 


झांसी, 14 जून (हि.स.)। झांसी में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित प्रवक्ता (पुरुष-महिला) राजकीय इंटर कॉलेज (प्रारंभिक) परीक्षा-2025 रविवार को कड़े सुरक्षा प्रबंधों और व्यापक निगरानी के बीच सकुशल संपन्न हुई। जिले के 25 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में कुल 10,214 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से केवल 3,139 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 7,075 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।

परीक्षा सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक एक पाली में आयोजित की गई। परीक्षा को नकलविहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण बनाने के लिए प्रशासन द्वारा विशेष इंतजाम किए गए थे। सभी परीक्षा केंद्रों को पहले से सैनिटाइज कराया गया तथा सीसीटीवी कैमरों और वॉइस रिकॉर्डर के माध्यम से प्रत्येक गतिविधि की निगरानी की गई। इसके साथ ही कंट्रोल रूम से भी परीक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी गई।

परीक्षा नोडल अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल तथा पुलिस अधीक्षक नगर प्रीति सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय और नेशनल हाफिज सिद्दीकी इंटर कॉलेज सहित कई केंद्रों का भ्रमण किया। अधिकारियों ने कमांड कंट्रोल रूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग, सुरक्षा व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, शौचालय और रैंप जैसी सुविधाओं का निरीक्षण किया।

परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, एंड्रॉयड फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहा। अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली गई तथा महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला शिक्षिकाओं द्वारा कराई गई। सभी केंद्रों पर स्टेटिक और सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात रहे तथा पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था सुनिश्चित की गई।

अपर जिलाधिकारी शिव प्रताप शुक्ल ने बताया कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। इस दौरान डीआईओएस रती वर्मा सहित प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया