जियो टैगिंग में लापरवाही पर डीएम सख्त, छह विभागों को लगाई फटकार

 


वृक्षारोपण स्थलों की शत-प्रतिशत जियो टैगिंग के निर्देश, स्थलीय सत्यापन के लिए गठित होगी टीम

झांसी, 23 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला झांसी में वृक्षारोपण अभियान के तहत लगाए गए पौधों की जियो टैगिंग में लापरवाही सामने आने पर गुरुवार काे जिलाधिकारी गौरांग राठी ने कड़ा रुख अपनाया है। जिला वृक्षारोपण समिति की समीक्षा बैठक में छह विभागों की जियो टैगिंग शून्य पाए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए तत्काल शत-प्रतिशत जियो टैगिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पौधारोपण स्थलों के स्थलीय सत्यापन के लिए टीम गठित करने का निर्णय भी लिया गया।

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष से जूम के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि वृक्षारोपण अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनकी सुरक्षा, देखरेख और जीवित रखने की जिम्मेदारी भी संबंधित विभागों की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तेज हवा, बारिश अथवा अन्य कारणों से झुक गए पौधों को तत्काल सहारा देकर सुरक्षित किया जाए। इसके अलावा यदि कहीं पौधे सूख गए हैं तो उनके स्थान पर तुरंत नए और स्वस्थ पौधे लगाए जाएं, ताकि अभियान का उद्देश्य सफल हो सके।

बैठक में जुलाई 2026 के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा कराए गए वृक्षारोपण का स्थलीय सत्यापन कराने के लिए विशेष टीम गठित करने के निर्देश भी दिए गए। यह टीम मौके पर जाकर पौधारोपण की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करेगी और रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।

समीक्षा के दौरान श्रम विभाग, परिवहन विभाग, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग, गृह विभाग, औद्योगिक विकास विभाग तथा रक्षा विभाग की जियो टैगिंग शून्य मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बिना देरी किए जियो टैगिंग का कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

प्रभागीय वनाधिकारी विकास यादव ने बताया कि जिले में निर्धारित 1 करोड़ 3 लाख 79 हजार 615 पौधारोपण का लक्ष्य पूर्ण कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि रेशम विभाग और नमामि गंगे विभाग ने अपने पौधारोपण स्थलों की शत-प्रतिशत जियो टैगिंग पूरी कर ली है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया