आईजीआरएस शिकायत निस्तारण में झांसी नगर निगम प्रदेश में दूसरे स्थान पर
झांसी, 02 अक्टूबर (हि.स.)। आईजीआरएस जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त जनशिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के मामले में झांसी नगर निगम ने सितंबर 2026 की मूल्यांकन रिपोर्ट में प्रदेश स्तर पर दूसरा स्थान हासिल किया है। शिकायतकर्ताओं से प्रभावी फीडबैक लेने और समस्याओं के वास्तविक समाधान की दिशा में नगर निगम की कार्यप्रणाली को इसका आधार बताया गया है।
जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण को प्राथमिकता देते हुए नगर आयुक्त अन्ना सुदन द्वारा संबंधित अधिकारियों को लगातार आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाते रहे। शिकायतों की प्रगति की नियमित समीक्षा के लिए बैठकें आयोजित कर लंबित और निस्तारित मामलों की स्थिति की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए।
नगर निगम स्तर पर शिकायतों के निस्तारण के बाद शिकायतकर्ताओं से प्रभावी फीडबैक प्राप्त करने पर भी विशेष जोर दिया गया। साथ ही लंबित शिकायतों की नियमित निगरानी, अधिकारियों की जवाबदेही और निस्तारण की गुणवत्ता पर लगातार नजर रखी गई।
नगर निगम की ओर से बताया गया कि अगस्त 2026 की मूल्यांकन रिपोर्ट में झांसी नगर निगम प्रदेश स्तर पर 13वें स्थान पर था। सितंबर की रिपोर्ट में उल्लेखनीय सुधार करते हुए निगम ने प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया। अधिकारियों के अनुसार, शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया में लगातार निगरानी और बेहतर समन्वय से यह सुधार संभव हुआ है।
इस उपलब्धि पर नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जनशिकायतों के निस्तारण में गंभीरता, संवेदनशीलता, तत्परता और गुणवत्ता को आगे भी बनाए रखा जाए। नागरिकों की समस्याओं का प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करते हुए उन्हें बेहतर नगर सेवाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया