जीआरपी के नए थाने का भव्य शुभारंभ, स्टेशन से कुछ दूरी पर बनी नई इमारत
झांसी, 14 अक्टूबर (हि.स.)। रेलवे यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में जीआरपी को नए थाना भवन की सौगात मिली है। बुधवार को डीजी रेलवे प्रकाश डी. ने नवनिर्मित जीआरपी थाने का फीता काटकर उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने थाना परिसर का निरीक्षण कर यहां उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। हालांकि नया थाना भवन रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर स्थित है।
उद्घाटन कार्यक्रम में आईजी रेलवे एन. कोलान्चि, झांसी मंडल के डीआरएम अनिरुद्ध कुमार समेत रेलवे और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन की ओर से डीएम गौरांग राठी और एसएसपी विकास कुमार तथा एसपी रेलवे विपुल कुमार श्रीवास्तव भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
डीजी रेलवे ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि रेलवे परिसर, प्लेटफार्म और ट्रेनों में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी अपराध नियंत्रण में अहम भूमिका निभाती है। इसके लिए नियमित गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना जीआरपी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। यात्रियों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के साथ ही अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए। अधिकारियों ने नए थाना भवन की सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। नए भवन के शुरू होने से जीआरपी के कामकाज को बेहतर ढंग से संचालित करने और यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया