डॉ. वैभव गुप्ता बने चुनाव संयोजक, सात जिलों में संभालेंगे प्रचार की कमान

 


भाजपा प्रत्याशी अशोक कुमार राठौर के समर्थन में जनसंपर्क अभियान चलाने का संकल्प

झांसी, 11 अक्टूबर (हि.स.)। बुंदेलखंड स्ववित्तपोषित महाविद्यालय प्रबंधक संगठन की बैठक में राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त महाविद्यालय के प्रबंधक डॉ. वैभव गुप्ता को सर्वसम्मति से चुनाव संयोजक नियुक्त किया गया। उन्हें इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक विधान परिषद निर्वाचन में भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी अशोक कुमार राठौर के समर्थन में सात जिलों में जनसंपर्क और समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई।

बैठक में महाविद्यालय प्रबंधकों ने एकजुट होकर चुनाव अभियान चलाने का संकल्प लिया।

बैठक में भाजपा झांसी महानगर अध्यक्ष सुधीर सिंह गौर ने प्रबंधकों से अशोक कुमार राठौर को प्रथम वरीयता का मत दिलाने की अपील की। उन्होंने पंजीकृत स्नातक मतदाताओं से संपर्क कर उन्हें मतदान के लिए प्रेरित करने और अधिकाधिक मतदान सुनिश्चित कराने का आह्वान किया।

डॉ. वैभव गुप्ता ने संगठन का आभार जताते हुए कहा कि सभी जिला प्रभारियों और महाविद्यालय प्रबंधकों के सहयोग से अभियान को प्रभावी बनाया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि अशोक कुमार राठौर शिक्षा क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं को उचित मंच पर उठाएंगे।

संगठन अध्यक्ष एवं मऊरानीपुर स्थित श्याम राघवेंद्र महाविद्यालय के प्रबंधक अजय सिंह परिहार ने कहा कि संगठन उच्च शिक्षा के विस्तार और शिक्षण संस्थानों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रयासरत है। उन्होंने डॉ. गुप्ता को बधाई देते हुए प्रत्याशी के समर्थन में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

बैठक में झांसी, जालौन, ललितपुर, बांदा, हमीरपुर, महोबा और चित्रकूट के जिला प्रभारियों, सहसंयोजकों तथा विभिन्न महाविद्यालयों के प्रबंधकों ने भाग लिया। डॉ. एसके साहू, विवेक चतुर्वेदी, कृपाशंकर द्विवेदी, सूर्य कुमार त्रिपाठी, डॉ. प्रमोद शिवहरे, प्रवीण चौधरी, डॉ. अरुण सोनी, बॉबी सिंह और डॉ. सुशील पटेल सहित अन्य पदाधिकारियों ने एकजुटता व्यक्त की।

बैठक का संचालन एवं आभार ज्ञापन डॉ. एसके साहू ने किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया