नियमों की अनदेखी पर स्कूलों के खिलाफ होगी कार्रवाई : जिलाधिकारी
बिना फिटनेस स्कूली वाहन सड़क पर मिले तो होंगे सीज
वाहन व चालकों का ब्यौरा देने के निर्देश, बिना लाइसेंस और हेलमेट चलाने वाले छात्रों पर भी सख्ती
झांसी, 22 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी गौरांग राठी ने जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक में कड़े निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अनफिट स्कूली वाहन किसी भी हाल में सड़क पर नहीं चलेंगे। यदि ऐसे वाहन संचालित मिले तो उन्हें तत्काल सीज किया जाएगा और संबंधित विद्यालय के खिलाफ भी कार्रवाई होगी।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में डीएम ने सभी स्कूलों से छात्रों को लाने-ले जाने वाले वाहनों एवं चालकों का पूरा विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जानकारी न देने वाले विद्यालयों को नोटिस जारी कर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई। उन्होंने कहा कि बिना लाइसेंस व हेलमेट के वाहन चलाकर स्कूल आने वाले नाबालिग छात्रों पर भी कार्रवाई होगी। यदि ऐसे छात्र दुर्घटना का शिकार होते हैं तो अभिभावक और विद्यालय प्रबंधन दोनों जिम्मेदार होंगे। डीएम ने एआरटीओ को सभी स्कूली वाहनों की जांच अभियान तेज करने, 25 अनफिट वाहनों को हर हाल में सड़क से हटाने तथा निजी ड्राइवरों का पुलिस सत्यापन और स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश दिए। बैठक में एआरटीओ ने बताया कि जिले के 2402 विद्यालयों का निरीक्षण किया जा चुका है। 511 स्कूली बसों की जांच में 13 का पंजीयन निलंबित, एक का निरस्त किया गया, जबकि 25 अनफिट वाहनों का संचालन बंद कराया गया है।
डीएम ने डीआईओएस को विद्यालयों में यातायात जागरूकता कार्यक्रम संचालित कराने और हेलमेट के प्रति छात्रों को जागरूक करने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल, अपर जिलाधिकारी न्याय अरुण कुमार गौड़, एसपी सिटी प्रीति सिंह, नोडल अधिकारी अधिशाषी अभियंता रजनीश गुप्ता सहित विभिन्न स्कूलों से आए स्कूल प्रबंधक बस एसोसिएशन, ऑटो संगठन के अधिकारी व विभाग की अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया