मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह : 402 जोड़े बंधे दाम्पत्य सूत्र में, 330 ने लिए सात फेरे और 72 का हुआ निकाह

 


समारोह में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद

झांसी, 27 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शुक्रवार को भगवंतपुरा स्थित द ग्रीन ग्राण्डयोर में सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। इसमें 402 जोड़े विवाह और निकाह के बंधन में बंधे।

कार्यक्रम में एमएलसी लाल बाबूलाल तिवारी, रामतीर्थ सिंघल, भाजपा महानगर जिलाध्यक्ष सुधीर सिंह, जिलाध्यक्ष प्रदीप पटेल तथा प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड़ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान प्रभारी जिला समाज कल्याण अधिकारी केपी सिंह ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

330 जोड़ों ने लिए सात फेरे, 72 का हुआ निकाह

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत कुल 442 जोड़ों का पंजीकरण हुआ था, जिनमें से 402 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। इनमें 330 हिंदू जोड़ों का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पारंपरिक रीति-रिवाज से विवाह कराया गया, जबकि 72 मुस्लिम जोड़ों का काजी ने निकाह पढ़ाया। योजना में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए विवाह से पहले सभी वर-वधुओं का बायोमेट्रिक सत्यापन भी कराया गया।

प्रत्येक जोड़े पर एक लाख रुपये खर्च कर रही सरकार

समारोह में मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड़ ने नवदंपतियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना की। उन्होंने बताया कि योजना के तहत प्रत्येक जोड़े पर सरकार की ओर से एक लाख रुपये व्यय किए जा रहे हैं। इसमें 64 हजार रुपये कन्या के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से सीधे हस्तांतरित किए जाते हैं। वहीं 21 हजार रुपये गृहस्थी की सामग्री और 15 हजार रुपये विवाह आयोजन, भोजन एवं अन्य व्यवस्थाओं पर खर्च होते हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में आर्थिक बाधा दूर करना तथा दहेज जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने में सहयोग देना है। कार्यक्रम का आयोजन सीडीओ एवं प्रभारी जिलाधिकारी के निर्देशन में प्रभारी जिला समाज कल्याण अधिकारी केपी सिंह की देखरेख में संपन्न हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया