बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के 51वें स्थापना दिवस पर हवन-पूजन, कुलपति ने गिनाईं उपलब्धियां

 


झांसी, 26 अगस्त (हि.स.)। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी ने बुधवार, 26 अगस्त 2026 को स्थापना के 50 वर्ष पूर्ण कर 51वें वर्ष में प्रवेश किया। स्थापना दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय परिवार की मंगलकामना के लिए यज्ञ एवं पूजन-पाठ का आयोजन किया गया। कुलपति प्रो. मुकेश पाण्डेय ने शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

कुलपति ने कहा कि यह अवसर केवल विश्वविद्यालय की स्थापना को स्मरण करने का नहीं, बल्कि ज्ञान, शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और सामाजिक उत्तरदायित्व की 50 वर्षों की गौरवशाली यात्रा का उत्सव है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय ने निरंतर प्रगति करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।

प्रो. पाण्डेय ने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि संस्थान को नैक से ए++ ग्रेड प्राप्त हुआ है। इसके साथ ही यूजीसी कैटेगरी-1, पीएम-उषा (मेरु) तथा एनआईआरएफ जैसी प्रतिष्ठित पहलों एवं सूचियों में भी विश्वविद्यालय ने महत्वपूर्ण स्थान बनाया है। उन्होंने इन उपलब्धियों का श्रेय विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपतियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के निरंतर प्रयासों को दिया।

कुलपति ने मार्गदर्शन और सहयोग के लिए राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल, उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय तथा उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, नैतिक मूल्यों, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और कौशल आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने विश्वविद्यालय परिवार का आह्वान किया कि सभी मिलकर संस्थान को उत्कृष्ट शिक्षा, उच्चस्तरीय अनुसंधान और नवाचार का अग्रणी केंद्र बनाने के लिए पूर्ण निष्ठा से कार्य करें।

इस अवसर पर प्रो. अर्चना वर्मा, प्रो. एमएम सिंह, प्रो. मुन्ना तिवारी, प्रो. डीके भट्ट, प्रो. अश्विनी कुमार, प्रो. आलोक कुमार, प्रो. विनीत सिंह, डॉ. शंभूनाथ सिंह, डॉ. सुनील त्रिवेदी, डॉ. धीरेंद्र यादव, डॉ. ऋषि सक्सेना, डॉ. संतोष पांडे, डॉ. कौशल त्रिपाठी, अनिल बोहरे, डॉ. अतुल प्रकाश खरे एवं अतीत विजय सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया