भाजपा मंडल अध्यक्ष की महिला संग तस्वीरें वायरल
मंडल अध्यक्ष बोले- साजिश के तहत किया गया बदनाम
बताया पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
झांसी, 16 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में बरुआसागर क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष रूपेश नायक की एक महिला के साथ कथित अर्धनग्न तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। वायरल तस्वीरों में रूपेश नायक एक महिला के साथ दिखाई दे रहे हैं। तस्वीरों में उनके सामने बियर की केन और बिरयानी रखी हुई भी नजर आ रही है।
तस्वीरें सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। हालांकि भाजपा मंडल अध्यक्ष रूपेश नायक ने इन तस्वीरों को लेकर अपनी सफाई देते हुए इसे उनके खिलाफ रची गई साजिश बताया है। उनका कहना है कि उन्हें पिछले करीब एक वर्ष से लगातार धमकियां दी जा रही थीं और उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा था।
रूपेश नायक का आरोप है कि कुछ लोगों द्वारा उन्हें राजनीतिक और सामाजिक रूप से नुकसान पहुंचाने की नीयत से यह षड्यंत्र रचा गया है। उन्होंने कहा कि वायरल की गई तस्वीरों के माध्यम से उन्हें बदनाम करने का प्रयास किया गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने पुलिस से शिकायत की है।
बताया जा रहा है कि रूपेश नायक की तहरीर के आधार पर बरुआसागर थाने में दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की बात बताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि तस्वीरें सोशल मीडिया पर किसने और किन परिस्थितियों में वायरल कीं। इस मामले में थाना प्रभारी बरुआसागर को कई बार फोन लगाने का प्रयास किया गया,लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। इसलिए मामले में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
फिलहाल इस मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है, जबकि पुलिस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच में जुटी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया