होटल में बैंक मैनेजर की पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, चार माह पहले हुई थी शादी

 




सिर में चोट के निशान, पिता ने लगाया हत्या का आरोप, पति हिरासत में

झांसी, 25 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में सीपरी थाना क्षेत्र के एक होटल में रविवार को 27 वर्षीय मुस्कान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। चार महीने पहले ही उसकी शादी मध्यप्रदेश के विदिशा निवासी निलेश से हुई थी। मुस्कान जेई की परीक्षा देने के लिए 10 अक्टूबर को मायके आई थी। दो दिन पहले उसका पति भी झांसी आया था। शनिवार रात दोनों होटल में रुके थे। रविवार को निलेश होटल स्टाफ की मदद से मुस्कान को लहूलुहान हालत में अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

प्रेमनगर निवासी रामजीलाल सिमौलिया ने बताया कि बेटी मुस्कान की शादी 29 जून को निलेश से हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि निलेश 23 अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे झांसी आया और अगले दिन यह कहकर मुस्कान को साथ ले गया कि वह मौसी के घर जा रहा है। बाद में पता चला कि दोनों ऋषभ होटल में ठहरे थे। होटल का बिल 23 से 24 अक्टूबर तक का बताया गया है।

रामजीलाल के अनुसार, निलेश ने पहले उन्हें रुद्र होटल और फिर कपूर नर्सिंग होम आने को कहा। इसके बाद मेडिकल कॉलेज और सिविल अस्पताल बुलाया, जहां मुस्कान मृत मिली। पिता ने आरोप लगाया कि बेटी के सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं और निलेश ने उसका मुंह पकड़कर सिर दीवार में मारा होगा। उन्होंने दामाद के दूसरी महिलाओं से संबंध होने और पहली शादी की बात छिपाने का भी आरोप लगाया।

एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि होटल के सीसीटीवी फुटेज में निलेश और मुस्कान एक कर्मचारी के साथ कमरे की ओर जाते दिखाई दे रहे हैं। फुटेज में मुस्कान के गिरने की बात भी सामने आई है। पिता के आरोपों की भी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया