लंपी रोग की रोकथाम के लिए बबीना विधायक ने डीएम को लिखा पत्र

 


गौशालाओं व ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष निगरानी, टीकाकरण अभियान चलाने की मांग

झांसी, 14 सितंबर (हि.स.)। बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा ने जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों और गौशालाओं में गोवंशीय पशुओं में लंपी रोग के संक्रमण की आशंका को देखते हुए डीएम को पत्र भेजकर प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। विधायक ने कहा कि बीमारी से पशुओं के स्वास्थ्य के साथ पशुपालकों की आजीविका भी प्रभावित हो सकती है।

उन्होंने सभी विकासखंडों, ग्राम पंचायतों और गौशालाओं में विशेष निगरानी व स्वास्थ्य परीक्षण अभियान चलाने को कहा। संदिग्ध अथवा संक्रमित पशुओं की तत्काल पहचान कर उन्हें अन्य पशुओं से अलग रखने और आवश्यक उपचार उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुसार टीकाकरण और अन्य सुरक्षात्मक उपाय सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

विधायक ने गौशाला संचालकों और पशुपालकों को रोग के लक्षण व बचाव के प्रति जागरूक करने तथा पशु चिकित्सकों को संसाधनों के साथ क्षेत्र में सक्रिय रखने का अनुरोध किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया