पिता की लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारकर छात्र ने की आत्महत्या

 


बीमारी से परेशान था युवक, घटना के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

झांसी, 25 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में गुरसराय थाना क्षेत्र के ग्राम सिंगार में रविवार सुबह लाइसेंसी पिस्टल से गोली लगने से 19 वर्षीय बीए के छात्र की मौत हो गई। घटना से परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर फॉरेंसिक टीम से साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

ग्राम सिंगार निवासी मुन्नालाल पटेल का पुत्र लव पटेल बीए का छात्र था। रविवार सुबह करीब 10 बजे उसने घर के अंदर एक कमरे में पिता की लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन कमरे में पहुंचे और गंभीर रूप से घायल लव को तत्काल गुरसराय स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के अनुसार, लव कुछ समय से बीमार चल रहा था और नींद की दवा भी लेता था। हालांकि, उसने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।

घटना की जानकारी पर क्षेत्राधिकारी पीयूष पांडेय मौके पर पहुंचे और परिजनों से जानकारी ली। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इस दौरान थाना प्रभारी अखिलेश द्विवेदी, कस्बा इंचार्ज योगेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक मयंक मिश्रा, उपनिरीक्षक सूर्यकांत त्रिपाठी, उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह भदौरिया तथा डॉ. ओपी राठौर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया