दिवाली के बाद झांसी की हवा हुई साफ, एक्यूआई 146 से घटकर 74 पर पहुंचा
पिछले साल के मुकाबले इस बार कम रहा प्रदूषण, दिवाली के अगले दिन 189 तक पहुंच गया था एक्यूआई
झांसी, 10 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में दिवाली की रात हुई आतिशबाजी के चलते प्रदूषण बढ़ने के बाद मंगलवार को शहर की हवा फिर साफ होने लगी। सुबह 11 बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) घटकर 74 रिकॉर्ड किया गया। यह संतोषजनक श्रेणी में आता है। सोमवार को दिवाली के अगले दिन AQI बढ़कर 146 पहुंच गया था, जो इस साल का अब तक का सर्वाधिक स्तर रहा।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के शिवाजी नगर स्थित निगरानी स्टेशन के आंकड़ों के अनुसार, दिवाली की रात 10 बजे तक झांसी की हवा संतोषजनक स्थिति में थी। उस समय AQI 70 दर्ज किया गया था। इसके बाद शहर में देर रात तक हुई आतिशबाजी के कारण प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ा।
सोमवार शाम चार बजे AQI 144 पहुंच गया, जबकि रात 10 बजे यह बढ़कर 146 दर्ज किया गया। इसके साथ ही झांसी की हवा पीली श्रेणी (मध्यम प्रदूषण) में पहुंच गई। हालांकि, रात 10 बजे के बाद प्रदूषण का स्तर घटने लगा। रात 11 बजे AQI 140 और रात एक बजे 129 रिकॉर्ड किया गया। इसके बाद लगातार गिरावट दर्ज की गई और मंगलवार सुबह 11 बजे यह 74 पर आ गया।
पिछली दिवाली से बेहतर रही स्थिति
पिछले साल की तुलना में इस बार दिवाली के बाद प्रदूषण का स्तर कम रहा। पिछले साल दिवाली के अगले दिन AQI 189 तक पहुंच गया था, जबकि इस बार अधिकतम स्तर 146 दर्ज किया गया। इससे पहले इस साल दो नवंबर को AQI 114 और 17 अक्टूबर को 135 रिकॉर्ड किया गया था।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया