झांसी में नौवीं की छात्रा ने फांसी लगाकर दी जान, चाचा का आरोप- जबरन शादी का दबाव बना रहे थे आराेपित

 


चचेरे भाई से मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप, चिरगांव क्षेत्र की घटना; पुलिस ने शुरू की जांच

झांसी, 19 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में चिरगांव थाना क्षेत्र के एक गांव में कक्षा नौवीं में पढ़ने वाली किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। किशोरी का शव घर के अंदर रोशनदान से फांसी के फंदे पर लटका मिला। परिजनों ने तीन लड़कों पर किशोरी को परेशान करने, जबरन शादी करने और घर से भगाकर ले जाने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। परिजनों का यह भी आरोप है कि शिकायत करने पर किशोरी के चचेरे भाई के साथ मारपीट कर उसे जान से मारने की धमकी दी गई थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

परिजनों के मुताबिक, किशोरी कक्षा नौ की छात्रा थी। उसके चाचा इंदल सिंह यादव का आरोप है कि दो से तीन लड़के उसे लगातार परेशान कर रहे थे। इनमें से एक लड़का उस पर जबरन शादी करने और घर से भगाकर ले जाने का दबाव बना रहा था। किशोरी ने इस संबंध में अपने चचेरे भाई को जानकारी दी थी। आरोप है कि जब भाई ने लड़कों से इस बारे में बात की तो उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। परिजनों का कहना है कि इस घटना के बाद किशोरी काफी डरी और परेशान थी।

बहन के घर लौटने पर सामने आई घटना

परिजनों के अनुसार, रविवार को किशोरी के माता-पिता मंदिर में कन्या भोज के लिए गए थे। उस समय किशोरी अपनी बहन के साथ घर पर थी। कुछ देर बाद उसकी बहन खेलने के लिए बाहर चली गई। करीब एक घंटे बाद जब वह वापस लौटी तो घर का दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद आसपास के लोगों की मदद से दरवाजा खुलवाया गया। अंदर किशोरी का शव रोशनदान से फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

आरोपों की जांच में जुटी पुलिस

परिजनों ने किशोरी की मौत के लिए लड़कों की कथित हरकतों को जिम्मेदार ठहराया है। हालांकि, लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। झांसी के एसएसपी विकास कुमार ने साेमवार काे बताया कि चिरगांव थाना क्षेत्र में किशोरी की आत्महत्या का मामला संज्ञान में आया है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। परिजनों ने दो-तीन दिन पहले कहासुनी होने की बात बताई है। पुलिस सभी आरोपों और घटना से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया