आईजीआरएस रैंकिंग में झांसी परिक्षेत्र लगातार छठी बार प्रदेश में प्रथम

 


आईजी ने टीम को किया सम्मानित

झांसी, 02 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित जनसुनवाई समन्वय शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए झांसी परिक्षेत्र ने एक बार फिर प्रदेश में अपनी श्रेष्ठता कायम रखी है। माह जून 2026 की मासिक मूल्यांकन रिपोर्ट के अनुसार झांसी परिक्षेत्र ने उत्तर प्रदेश के सभी परिक्षेत्रों में लगातार छठी बार प्रथम स्थान हासिल किया है।

इसके साथ ही झांसी रेंज के सभी जनपदों ने भी अपनी-अपनी श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त कर उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की है।

यह सफलता पुलिस महानिरीक्षक झांसी परिक्षेत्र आकाश कुलहरि के कुशल निर्देशन एवं प्रभावी मॉनिटरिंग का परिणाम मानी जा रही है। जून माह के दौरान आईजीआरएस एवं समाधान पोर्टल पर प्राप्त सभी शिकायतों का शासन की मंशानुरूप निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं विधिक निस्तारण सुनिश्चित किया गया, जिसके आधार पर यह उपलब्धि हासिल हुई।

उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस महानिरीक्षक ने आईजीआरएस शाखा से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए गुरुवार काे उन्हें नकद पुरस्कार प्रदान किया।

सम्मानित होने वालों में प्रभारी आईजीआरएस एवं सीसीटीएनएस उपनिरीक्षक राजेश सिंह, रेंज कोऑर्डिनेटर विमल कुमार श्रीवास्तव, मुख्य आरक्षी देवेंद्र प्रताप सिंह तथा कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए प्रियंका गुप्ता शामिल हैं।

इस अवसर पर आईजी आकाश कुलहरि ने रेंज के सभी जनपद प्रभारियों को निर्देशित किया कि आईजीआरएस प्रणाली के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई के दौरान शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए शासन की मंशानुरूप पूर्ण मनोयोग से उनका विधिक समाधान सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इसी प्रकार पारदर्शी, संवेदनशील एवं जवाबदेह कार्यप्रणाली अपनाने से आमजन का पुलिस पर विश्वास और मजबूत होगा तथा पुलिस की निष्पक्ष एवं उत्कृष्ट छवि कायम रहेगी। साथ ही शिकायतों के प्रभावी निस्तारण से अनावश्यक विवादों और शिकायतों में भी लगातार कमी आएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया