झांसी : साइकिल से प्रथम बार चारधाम यात्रा पर निकले तीन श्रद्धालु
विधायक बबीना राजीव सिंह व आचार्य हरिओम पाठक ने दिखाई हरी झंडी
झांसी, 18 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद झांसी में बबीना क्षेत्र से तीन श्रद्धालु साइकिल द्वारा गुरुवार काे चारधाम यात्रा के लिए रवाना हुए। विधानसभा एवं थाना बबीना क्षेत्र के मुरारी गांव निवासी राजा दुबे, शिवम भार्गव और वीरू वंशकार ने धार्मिक आस्था और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अपनी इस विशेष यात्रा की शुरुआत की। यात्रा को प्रसिद्ध शिवालय सिद्धेश्वर धाम से बबीना विधायक राजीव सिंह व आचार्य हरिओम पाठक ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और सभी यात्रियों को शुभकामनाएं दीं।
श्रद्धालुओं ने बताया कि वे साइकिल से उत्तराखंड स्थित चारधाम-यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ की यात्रा करेंगे। इस दौरान वे कुल 4000 किलोमीटर से अधिक दूरी तय करेंगे। यात्रा का उद्देश्य केवल धार्मिक दर्शन करना ही नहीं, बल्कि युवाओं को स्वास्थ्य, फिटनेस और पर्यावरण के प्रति जागरूक करना भी है।
यात्रा पर निकले युवाओं ने कहा कि साइकिल यात्रा से शारीरिक क्षमता बढ़ती है और प्रदूषण भी नहीं होता। उन्होंने बताया कि वे प्रतिदिन लगभग 70 से 90 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर रुककर विश्राम करेंगे और स्थानीय लोगों से संवाद भी स्थापित करेंगे।
हरी झंडी दिखाने के दौरान बबीना विधायक ने तीनों युवाओं के साहस और संकल्प की सराहना की। उन्होंने कहा कि आधुनिक समय में जहां लोग छोटी दूरी के लिए भी वाहनों का उपयोग करते हैं, वहीं इन युवाओं ने साइकिल से चारधाम यात्रा का निर्णय लेकर अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। यह यात्रा युवाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश देगी।
ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने भी तीनों श्रद्धालुओं का उत्साहवर्धन किया और उनकी सफल एवं सुरक्षित यात्रा की कामना की। धार्मिक आस्था, दृढ़ संकल्प और साहस का यह अनूठा प्रयास क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
इस अवसर पर मुन्नू महाराज व प. जितेंद्र कुमार तिवारी ने तिलक किया और आचार्य मनोज पाठक ,राजीव पाठक ,अंकुश मिश्रा , ध्रुव ओझा , गोपाल शास्त्री ने स्वस्तिवाचन किया। साथ में मनोज भार्गव, मोनू महाराज, सुशील पांडेय ,जगदीश दुबे, राधेश्याम दुबे, ब्रजेश मिश्रा , सूरजभान , रमाशंकर पुरोहित , सुनील भार्गव , सुखदेव भार्गव, आशीष भार्गव, अखिलेश भार्गव , पज्जी वंशकार , महेंद्र वंशकार , कमलेश वंशकार ,रोशन, कमलेश ,रामधुन,दीपक यादव , रोहित यादव प्रधान ,राजा परिहार राजप्रताप सिंह आदि मौजूद रहे। योगेश राजा ने सबका आभार व्यक्त किया , तथा सबको पीतांबरा माई का प्रसाद वितरण किया गया ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया