आधुनिकता के साथ रेलवे में संवेदनहीनता बढ़ी : उमा भारती
झांसी, 12 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री व झांसी की पूर्व सांसद उमा भारती के लिए रविवार को झांसी में चेन पुलिंग कर पंजाब मेल रोकनी पड़ी। उमा भारती प्लेटफॉर्म पर पहुंचीं तो नई दिल्ली जाने वाली पंजाब मेल रवाना हो चुकी थी। ट्रेन आधा प्लेटफॉर्म छोड़ चुकी थी। उनके समर्थकों ने तत्काल ट्रेन को रुकवाया। उन्हें ट्रेन के फर्स्ट एसी कोच ए-1 में सवार होना था। लेकिन जब तक ट्रेन रुकी, कोच ए-1 यार्ड में पहुंच चुका था। इस कारण वह बी-1 कोच में सवार हुईं। उन्होंने इसे रेलवे की लापरवाही बताया। उन्होंने कहा कि आधुनिकता के साथ रेलवे में संवेदनहीनता बढ़ी है।
चेन पुलिंग के चलते ट्रेन के ब्रेक की एयर रिलीज हो चुकी थी। ट्रेन 5 मिनट तक आधी प्लेटफॉर्म और आधी यार्ड में खड़ी रही। उमा भारती के ट्रेन में सवार होने के बाद गाड़ी को आगे रवाना किया गया।
उमा भारती ने कहा कि ट्रेन समय से पहले रवाना हो गई थी। यह पूरी घटना रेलवे की अव्यवस्था का नतीजा है। आज जो मेरे साथ हुआ है, यही आए दिन यात्रियों के साथ हो रहा है। मथुरा, झांसी और ललितपुर जैसे स्टेशनों पर अक्सर ऐसी दिक्कतें आती हैं। महिलाएं सामान और बच्चों के साथ प्लेटफार्म पर भागती हैं। बुजुर्गों और दिव्यांगों को महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि अधुनिकता के साथ रेलवे में संवेदनहीनता बढ़ी है। इसके लिए वह रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव को पत्र लिखेंगी। उन्होंने एक्स पर इस पूरी घटना को लिखते हुए ट्वीट किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया